एसए20 के पांचवें सीजन की शुरुआत 17 जनवरी से होगी। लीग कमिश्नर ग्रीम स्मिथ ने कहा कि टूर्नामेंट के अगले पांच वर्षों के लिए उनका दृष्टिकोण साल-दर-साल लगातार सुधार पर केंद्रित है, साथ ही इसका उद्देश्य व्यस्त ग्लोबल फ्रेंचाइजी टी20 दुनिया में अपनी स्थिति को मजबूत करना है।

एसए20 सीजन-5 के ऑक्शन में बुधवार शाम जोहान्सबर्ग में अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी सितारों और युवा प्रतिभाओं का शानदार मेल देखने को मिला। नीलामी के साथ चार फ्रेंचाइजी ने अपने-अपने अंतिम स्क्वॉड पूरे कर लिए। नीलामी में सबसे बड़ी खरीद में पूर्व प्रोटियाज कप्तान फाफ डु प्लेसिस रहे, जिन्हें जॉबर्ग सुपर किंग्स ने 1,62,286 अमेरिकी डॉलर में अपने साथ जोड़ा।

सबसे रोमांचक बोली 18 वर्षीय जेसन रॉल्स के लिए लगी। अंडर-23 के इस बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी के लिए एमआई केपटाउन और जॉबर्ग सुपर किंग्स के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। दोनों फ्रेंचाइजी ने उनकी लंबी अवधि की क्षमता को देखते हुए बोली लगाई। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद जॉबर्ग सुपर किंग्स ने बाजी मारी और रॉल्स को 1,74,248 अमेरिकी डॉलर में खरीद लिया। वह पूरी नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे।

स्मिथ ने एसए20 द्वारा सीजन पांच के ऑक्शन के बाद आयोजित बातचीत में 'आईएएनएस' से कहा, "हमारा मकसद साल-दर-साल बेहतर से बेहतर होना है। सबसे पहले आपको एक पसंदीदा लीग बनना होगा और मैं सिर्फ 19 स्लॉट के लिए यह देखकर बहुत उत्साहित था कि कितने खिलाड़ियों ने इसका हिस्सा बनने के लिए ऑक्शन लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराया। इससे पता चलता है कि खिलाड़ी यहां आना चाहते हैं, एसए20 में खेलना चाहते हैं। मुझे लगता है कि क्रिकेट हमेशा हमारे प्रोडक्ट का मुख्य आधार रहेगा। इसलिए यह रोमांचक है कि खिलाड़ी यहां आना चाहते हैं।"

उन्होंने यह भी स्वीकार किया है कि जैसे-जैसे लीग का विस्तार हो रहा है, नई फ्रेंचाइजी जोड़ने और विंडो बढ़ाने के बारे में बातचीत होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा, "लीग बहुत प्रतिस्पर्धी रही है। इसलिए, मैं बस इसे और मजबूत होते देखना चाहता हूं। जाहिर है, जैसे-जैसे हम आगे बढ़ेंगे, हमेशा इस बारे में बातचीत होगी कि नई फ्रेंचाइजी कब जोड़ें? नई फ्रेंचाइजी कैसे जोड़ें? विंडो कितनी लंबी होगी? लेकिन मुझे लगता है कि आप इसे साल-दर-साल आगे बढ़ाएंगे।"

अगले एक, दो या तीन वर्षों में फ्रेंचाइजी क्रिकेट में और भी विकास देखने को मिलेगा। निश्चित रूप से, एफटीपी के इस नए चार-सालों के चक्र के साथ इसमें और भी बदलाव और विकास होंगे।

स्मिथ ने कहा, "मुझे लगता है कि हमारे लिए, हर साल चार या पांच हाई-प्रोफाइल लीग होंगी। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि दक्षिणी गोलार्ध में, आईपीएल और शायद 'द हंड्रेड' जैसी लीग के साथ-साथ, हम दुनिया की टॉप लीग में शामिल रहें, जैसा कि हमने शुरुआती 5 वर्षों में किया है।"

यह बताते हुए कि आईपीएल की फ्रेंचाइजी ने वहां के माहौल को कैसे अपनाया, स्मिथ ने कहा कि टीमों के मैनेजमेंट और स्काउटिंग नेटवर्क को साउथ अफ्रीका के सिस्टम की बेहतर समझ हो गई है, खासकर अंडर-23 कैटेगरी में खिलाड़ियों को खोजने के मामले में।

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि अगर आप टीमों को देखें, तो टॉप इंटरनेशनल टैलेंट और युवा खिलाड़ियों में निवेश के बीच अच्छा संतुलन है। पिछले साढ़े चार वर्षों में और कोचों की सलाह से उन्हें सिस्टम की बेहतर समझ मिली है, और वे साउथ अफ्रीका के टैलेंट पूल सिस्टम में पर्दे के पीछे से खिलाड़ियों को खोजने में बेहतर हुए हैं। चार-पांच वर्षों में आईपीएल फ्रेंचाइजी ने साउथ अफ्रीका के बारे में, बिजनेस और क्रिकेट दोनों ही मामलों में, बहुत कुछ सीखा है। इसलिए मुझे लगता है कि इससे अंडर-23 प्रोग्राम में निवेश करने में वाकई मदद मिलती है। जाहिर है, कल की कहानी में जिस खिलाड़ी की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह जेसन रोल्स हैं। मुझे लगता है कि अंडर-23 कैटेगरी में कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो कमाल कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, "पिछले साल हमारे पास न्कोबानी मोकोएना थे, जो अचानक सामने आए और पार्ल रॉयल्स के साथ शानदार सीजन खेला। इसलिए मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि आगे क्या होता है और युवा खिलाड़ियों को अब क्या मौके मिलते हैं। फ्रेंचाइजी क्रिकेट का विकास बहुत तेजी से हो रहा है। पिछले साल आईपीएल में साउथ अफ्रीका के सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी थे, उनकी संख्या 21 से ज्यादा थी। इसलिए साउथ अफ्रीकी टैलेंट और उन्हें हर साल मिलने वाले मौकों को देखना बहुत रोमांचक है। इसलिए, पर्दे के पीछे स्काउटिंग करने के लिए कोचों और फ्रेंचाइजी को श्रेय जाता है। अगर उन्हें मौका मिलता है, तो यह देखना बहुत अच्छा होगा कि वे कैसा प्रदर्शन करते हैं।"

साउथ अफ्रीका के क्रिकेट सिस्टम को फिर से खड़ा करने में एसए20 के योगदान पर बात करते हुए, स्मिथ ने कहा कि लीग ने घरेलू खेल के स्तर को बेहतर बनाने, पूरे देश में लोगों की दिलचस्पी बढ़ाने और फैंस को स्टेडियम तक वापस लाने के साथ-साथ नेशनल टीम को ज्यादा प्रतिस्पर्धी बनाने के अपने मकसद को पूरा किया है।

उन्होंने कहा, "एसए20 शुरू होने से ठीक पहले, साउथ अफ्रीकी क्रिकेट मुश्किल दौर से गुजर रहा था। मुझे लगता है कि नेशनल टीम संघर्ष कर रही थी। प्रशासन से जुड़ी कई दिक्कतें थीं। मुझे लगता है कि फैंस खेल से नाराज हो रहे थे। इसलिए मुझे लगता है कि हमारे लिए, क्रिकेट का स्तर बेहतर करने और एक ऐसा हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट देने के अलावा जिसमें खिलाड़ी हिस्सा ले सकें और जिसमें टैलेंट को आगे बढ़ते और मुकाबले के लिए तैयार होते देखा जा सके - इन सबका फायदा जाहिर है कि नेशनल टीम के परफॉर्मेंस को मिलता है, लेकिन मुझे लगता है कि हम सच में साउथ अफ्रीका में फैंस को खेल से दोबारा जोड़ना चाहते थे और नए फैंस बनाना चाहते थे। पिछले साल स्टेडियम में घूमते हुए, मैं जितने भी लोगों से मिला जो पहली बार क्रिकेट देखने आए थे, और फैन बेस में जो बढ़ोतरी हुई है और हमारे खेल को जो सपोर्ट मिला है - ये निश्चित रूप से उन मुख्य लक्ष्यों में से एक है जिन्हें हम हासिल करना चाहते थे।"

साउथ अफ्रीका के क्रिकेट सिस्टम को फिर से खड़ा करने में एसए20 के योगदान पर बात करते हुए, स्मिथ ने कहा कि लीग ने घरेलू खेल के स्तर को बेहतर बनाने, पूरे देश में लोगों की दिलचस्पी बढ़ाने और फैंस को स्टेडियम तक वापस लाने के साथ-साथ नेशनल टीम को ज्यादा प्रतिस्पर्धी बनाने के अपने मकसद को पूरा किया है।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार