भारतीय टीम ने गुरुवार को अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 2) पर खेले गए सेमीफाइनल मैच में अफगानिस्तान को 8 विकेट से मात दी, जिसके साथ भारत ने अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी पाकिस्तान अंडर-19 के खिलाफ होने वाले अंडर-19 एशिया कप फाइनल के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

रायचंदानी को मौजूदा चैंपियन पाकिस्तान के खिलाफ एक 'अच्छे फाइनल' की उम्मीद है। टीम 2025 में मिली उस करारी हार का बदला लेना चाहेगी, जब आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली भारतीय टीम को फाइनल में पाकिस्तान अंडर-19 के हाथों 191 रनों की बड़ी हार झेलनी पड़ी थी। 10 नवंबर को ग्रुप मैच में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ 3 विकेट से जीत हासिल की थी।

अफगानिस्तान के खिलाफ जीत के बाद रायचंदानी ने कहा, "हां, यह एक शानदार फाइनल होने वाला है और हर कोई इसका इंतजार कर रहा है। उम्मीद है कि हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे।"

भारत के पास 2025 के फाइनल की हार का बदला लेने का मौका होगा, जो अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत की दूसरी हार थी; इससे पहले 2024 में उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ फाइनल में शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

सेमीफाइनल में भारतीय टीम बेहतरीन फॉर्म में दिखी; रायचंदानी ने टूर्नामेंट में अपना दूसरा अर्धशतक लगाया, जिसमें उन्होंने 90 गेंदों पर शानदार 93 रन बनाए, लेकिन महज 7 रन से शतक चूक गए। कप्तान रायचंदानी ने बताया कि वह शतक चूकने पर निराश थे। उन्होंने कहा, "हां, थोड़ी निराशा तो हुई, लेकिन टीम जीत गई, यही सबसे अहम है।"

भारतीय अंडर-19 कप्तान ने पारी की शुरुआत करते हुए आक्रामक रुख अपनाया और अपनी पारी में 13 चौके और एक छक्का जड़ा, जिससे भारत का लक्ष्य का पीछा करना आसान हो गया। उनके अलावा, आर्यवीर सहवाग ने 51 रन, जबकि वीके विनीत ने 57 की नाबाद पारी खेली, जिससे भारत ने 228 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 36.5 ओवरों में ही जीत दर्ज कर ली।

कप्तान ने कहा, "मैं बस खुलकर अपना स्वाभाविक खेल खेलने और स्थिति के हिसाब से बल्लेबाजी करने की कोशिश कर रहा था और यह काम कर गया। टॉस हारना हमारे लिए अच्छा ही रहा। हमने अपनी योजना के अनुसार लगातार अच्छा प्रदर्शन किया, और हम यही चाहते हैं। खेल में आगे रहने के लिए हमें लंबे समय तक लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा।"

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार