भारत के पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने पहलवान मनीषा भनवाला को बधाई दी है। मनीषा ने शुक्रवार को सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनकर इतिहास रचा। कजाकिस्तान के अस्ताना में महिलाओं के 59 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में मनीषा ने शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की।

धवन ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "0-6 से पिछड़ने के बाद वर्ल्ड चैंपियन बनना। क्या शानदार फाइटर हैं आप, मनीषा। आपने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। बधाई हो।" शुक्रवार को मनीषा ने अमेरिका की एबिगेल नेट के खिलाफ कमाल की वापसी की। वह छह अंकों से पीछे चल रही थीं, लेकिन उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए 8-6 से जीत दर्ज की और सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप के इतिहास में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया।

भारतीय पहलवान के लिए शुरुआत काफी मुश्किल रही। नेट ने एक 'फोर-प्वाइंट थ्रो' (चार अंकों वाला दांव) लगाया और भारत की ओर से की गई एक असफल चुनौती के बाद उन्हें एक और अंक मिल गया, जिससे नेट 5-0 से आगे हो गईं। इसके बाद मनीषा को एक चेतावनी भी मिली, जिससे अमेरिकी पहलवान की बढ़त 6-0 हो गई।

हालांकि, मनीषा ने हार नहीं मानी और ब्रेक से पहले एक 'स्टेप-आउट' अंक के साथ अपना खाता खोला। दूसरे राउंड में भी उन्होंने अपनी लय बनाए रखी और एक 'टेकडाउन' के जरिए अंकों का अंतर कम किया। अमेरिकी खेमे की ओर से एक और असफल चुनौती मिलने पर मनीषा को एक अतिरिक्त अंक मिला और उन्हें 'पार टेरे' (जमीन पर कुश्ती) की स्थिति से हमला करने का मौका मिल गया।

उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाते हुए दो अंकों वाला 'गट-रेंच' दांव लगाया और स्कोर 6-6 से बराबर कर दिया। इसके बाद उन्होंने एक निर्णायक 'टेकडाउन' किया और 8-6 की बढ़त बना ली। अंत में, मनीषा ने नेट की वापसी की सभी कोशिशों को नाकाम कर दिया और एक यादगार जीत हासिल की।

 

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार