श्रीलंका विमेंस क्रिकेट टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 का आगाज धमाकेदार जीत के साथ किया है। कारवां क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में श्रीलंका ने आयरलैंड को 10 विकेट से रौंदा।

आयरलैंड से मिले 106 रनों के लक्ष्य को श्रीलंका ने आसानी से 13 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को विशमी गुणरत्ने और हसिनी परेरा ने शानदार शुरुआत दी। श्रीलंका की ओपनिंग जोड़ी के आगे आयरलैंड की गेंदबाज पूरी तरह से बेबस नजर आईं। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 110 रनों की अटूट साझेदारी निभाई और टीम को जीत दिलाई। विशमी ने 37 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और एक छक्के की मदद से 53 रन बनाए। वहीं, हसिनी ने 41 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया।

इससे पहले, आयरलैंड की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 105 रन ही बना सकी। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और कप्तान गैबी लुईस सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद लारा मारिट्ज भी 19 गेंदों में 13 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटीं। एमी हंटर अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहीं और वह 16 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुईं।

लॉरा डेलानी 18 गेंदों का सामना करने के बाद 15 रन बनाकर कविशा का शिकार बनीं। लुईस लिटिल ने आयरलैंड की तरफ से सबसे अधिक 28 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने एक चौका लगाया। लिटिल के आउट होते ही आयरलैंड की पारी बुरी तरह से लड़खड़ा गई और टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए।

श्रीलंका की गेंदबाजों का प्रदर्शन दमदार रहा। टीम की तरफ से कविशा दिलहारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर के स्पेल में महज 20 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं, सत्या संदीपनि बेहद किफायती रहीं और उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 9 रन खर्च करते हुए आयरलैंड की तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। चेतना विमुक्ति ने 4 ओवर में 26 रन देकर दो विकेट चटकाए।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार