Sunil Narine Record: कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के महान गेंदबाज़ सुनील नारायण (Sunil Narine) ने रविवार, 03 मई को आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 45वें मुकाबले में सनराइडर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के दो विकेट लेकर इतिहास रच दिया। गौरतलब है कि इसी के साथ उन्होंने वो कारनामा कर दिखाया है जो कि IPL के इतिहास में आज तक कोई गेंदबाज़ नहीं कर सका था।
जी हां, ऐसा ही हुआ। सबसे पहले ये जान लीजिए कि सुनील नारायण ने सनराइजर्स हैदराबाद के सामने अपने कोटे के 4 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट चटकाए। उन्होंने विपक्षी टीम के तूफानी बल्लेबाज़ सलिल अरोड़ा (06 गेंदों पर 02 रन) और ईशान किशन (29 गेंदों पर 42 रन) का विकेट झटका। खास बात ये है कि इसी बीच उन्होंने अपने 200 आईपीएल विकेट पूरे किए हैं।
इसी के साथ अब सुनील नारायण IPL के इतिहास के ऐसे पहले और एकलौते खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने किसी एक टीम के लिए 200 या उससे ज्यादा विकेट झटके। वो आईपीएल में केकेआर की तरफ से अब तक 197 मैचों की 195 पारियों में 201 विकेट चटका चुके हैं।
इसके अलावा सुनील नारायण आईपीएल में 200 प्लस विकेट लेने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले सिर्फ युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार ही ये कारनामा कर पाए थे।
IPL में सर्वाधिक विकेट
- युजवेंद्र चहल (MI/PBKS/RCB/RR) - 228 विकेट
- भुवनेश्वर कुमार (PWI/RCB/SRH)- 215 विकेट
- सुनील नारायण (KKR)- 201 विकेट
- पीयूष चावला (CSK/KKR/KXIP/MI) - 192 विकेट
- रविचंद्रन अश्विन (CSK/DC/KXIP/RPS/RR) - 187 विकेट
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि सुनील नारायण टी20 फॉर्मेट के बेस्ट बॉलर्स में से एक हैं, जो कि 590 मैचों में 620 विकेट ले चुके हैं। वो इस फॉर्मेट के तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं। उनसे ऊपर सिर्फ राशिद खान (528 मैचों में 712 विकेट) और ड्वेन ब्रावो (582 मैचों में 631 विकेट) हैं। KKR के लिए भी वो टी20 क्रिकेट में 219 विकेट झटक चुके हैं।