Suryakumar Yadav Record: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यूएसए के खिलाफ मुकाबले में मुश्किल हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव भारत के लिए संकटमोचक बने। जब पूरी बल्लेबाज़ी लाइनअप लड़खड़ा गई, तब सूर्या ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। इस दौरान सूर्या टी20 इंटरनेशल में बतौर कप्तान एक खास उपलब्धि हासिल कर ऐसा करने वाले चौथे खिलाड़ी बन गए हैं।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तीसरे मुकाबले में भारत और यूएसए की भिड़ंत शनिवार, 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हो रही है। टॉस जीतकर यूएसए के कप्तान मोनांक पटेल ने पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया, जो शुरुआत में पूरी तरह सही साबित हुआ।
भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन ने 20 रन और तिलक वर्मा ने 25 रन जोड़ने की कोशिश जरूर की, लेकिन कोई भी बल्लेबाज़ बड़ी पारी नहीं खेल सका। शिवम दुबे खाता नहीं खोल पाए, जबकि रिंकु सिंह (6) और हार्दिक पांड्या (5) भी सस्ते में पवेलियन लौट गए।
टीम जब मुश्किल में फंसी थी, तब कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक छोर संभालते हुए जिम्मेदारी भरी पारी खेली। सूर्या ने 49 गेंदों में नाबाद 84 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 शानदार छक्के शामिल रहे। इस दौरान सूर्यकुमार यादव ने एक बड़ा व्यक्तिगत मुकाम भी हासिल किया। सूर्या टी20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान 1000 रन पूरे करने वाले भारत के चौथे खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह खास उपलब्धि भारत के लिए बतौर कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी ही हासिल कर पाए थे।
टी20 इंटरनेशनल में कप्तान के तौर पर भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में रोहित शर्मा सबसे आगे हैं, वहीं इसके बाद विराट कोहली और एमएस धोनी का नाम आता है।
टी20 इंटरनेशनल में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज़:
- रोहित शर्मा – 62 मैचों में 1905 रन
- विराट कोहली – 50 मैचों में 1570 रन
- एमएस धोनी – 72 मैचों में 1112 रन
- सूर्यकुमार यादव – 44 मैचों में 1000+ रन
इतना ही नहीं सूर्या की ये 84 रन की पारी टी20 वर्ल्ड कप मेंं भारत के लिए बतौर कप्तान दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी रहा। ये रिकॉर्ड फिल्हाल पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के पास है, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में 92 रन बनाए थे। वहीं विराट कोहली 57 रन के साथ अब इस मामले में तीसर पायदान पर आ गए हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो सूर्यकुमार यादव की इस शानदार पारी की बदौलत भारत ने निर्धारित ओवरों में 161 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया और मुकाबले में दमदार वापसी की।