India vs England T20I Team: बीसीसीआई ने अनकैप्ड ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे (Suryansh Shedge) को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया है। चोट के कारण बाहर हुए नीतीश कुमार रेड्डी(Nitish Kumar Reddy) की जगह वह टीम में आए हैं। बीसीसीआई ने मंगलवार (23 जून) को इसकी जानकारी दी।
23 साल के शेडगे हाल ही में श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के खिलाफ श्रीलंका में खेली गई वनडे ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए टीम का हिस्सा थे।
लोअर-मिडल ऑर्डर में बैटिंग करते हुए उन्होंने 120.49 के स्ट्राइक रेट से 147 रन बनाए और पांच पारियों में 23 ओवर भी डाले, जिसमें उन्होंने 6.04 की इकॉनमी रेट पर दो विकेट लिए। आईपीएल 2026 में वह पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा थे और सात पारियों में 175.55 की स्ट्राईक रेट और 39.50 की औसत स 158 रन बनाए थे।
रेड्डी को बाएं पैर की जांघ की मांसपेशियों (क्वाड्रिसेप्स) में चोट के कारण बाहर हुए हैं। उनकी यह चोट पिछले हफ़्ते चेन्नई में अफ़गानिस्तान के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे मैच के दौरान और बढ़ गई थी। वह कम से कम एक महीने तक बेंगलुरु में बीसीसीआई के 'सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस' में रिहैब से गुज़रेंगे, ताकि अगस्त में श्रीलंका के दो टेस्ट मैचों के दौरे के लिए फिट हो सकें।
वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते पहले ही मोहम्मद सिराज और पैर में चोट के कारण वरूण चक्रवर्ती बाहर हो चुके हैं।
इंग्लैंड में पांच टी-20 इंटरनेशनल और तीन वनडे इंटरनेशनल मैच खेलने जाने से पहले, भारत 26 और 28 जून को बेलफ़ास्ट में आयरलैंड के खिलाफ़ दो टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलेगा। टी-20 इंटरनेशनल मैच चेस्टर-ले-स्ट्रीट (1 जुलाई), मैनचेस्टर (4 जुलाई), नॉटिंघम (7 जुलाई), ब्रिस्टल (9 जुलाई) और साउथेम्प्टन (10 जुलाई) में खेले जाएंगे।
आयरलैंड औऱ इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय टीम
Also Read: LIVE Cricket Score
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा