IPL 2026, Rajasthan Royals vs Sunrisers Hyderabad: जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शनिवार (25 अप्रैल) को खेले गए आईपीएल 2026 के इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए RR ने वैभव सूर्यवंशी के तूफानी शतक के चलते 228 रन बनाए, लेकिन अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की विस्फोटक पारियों के दम पर SRH ने 9 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
आईपीएल 2026 के 36वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी ने शानदार शुरुआत दिलाई।
सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए ध्रुव जुरेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 62 गेंदों में 112 रन की शतकीय साझेदारी की। जुरेल ने 35 गेंदों में 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में तूफानी अंदाज जारी रखते हुए सिर्फ 36 गेंदों में शतक जड़ दिया और 37 गेंदों में 103 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। आखिरी के ओवरों में डोनोवन फरेरा ने 16 गेंदों में 33 रन बनाकर टीम को 20 ओवर में 228 रन तक पहुंचाया।
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए गेंदबाजी में प्रफुल्ल हिंगे और ईशान मलिंगा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस और साकिब हुसैन को 1-1 सफलता मिली।
229 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत भी बेहद शानदार रही। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 55 गेंदों में 132 रन की साझेदारी कर मैच का रुख पलट दिया। अभिषेक शर्मा ने 29 गेंदों में 57 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने 31 गेंदों में 74 रन की तूफानी पारी खेली। इसके बाद नितीश कुमार रेड्डी ने 18 गेंदों में 36 रन और हेनरिक क्लासेन ने 24 गेंदों में 29 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।
इन अहम पारियों की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने 18.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
राजस्थान रॉयल्स के लिए गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और बृजेश शर्मा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि डोनोवन फरेरा को 1 सफलता मिली।