कोलकाता, 15 जून | भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर किरण मोरे ने उस समय को याद किया है जब महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर बनी रही फिल्म के लिए अभिनेता सुशांत सिंह ने कड़ी मेहनत की थी और बिल्कुल आम खिलाड़ी की तरह की क्रिकेट की बारीकियां सीखी थीं।

Advertisement

सुशांत ने रविवार को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में आत्महत्या कर ली।

Advertisement

धोनी की फिल्म के लिए सुशांत को मोरे ने ही प्रशिक्षित किया था।

मोरे ने आईएएनएस से कहा कि सुशांत ने फिल्म के लिए कड़ी मेहनत की थी और कभी भी किसी तरह की शिकायत नहीं की थी।

57 साल के मोरे ने कहा, "यह हैरान करने वाली खबर है। वे बहुत जल्दी चले गए। इस खबर ने मुझे हिला दिया। मैं इससे बाहर नहीं आ सकता। वह सिर्फ 34 साल के थे। वह काफी मेहनती, जुनूनी और प्रतिभाशाली थे। मैंने उनके साथ नौ महीने काम किया था, इसलिए मैं जानता हूं कि उन्होंने उस कैरेक्टर के लिए कितनी मेहनत की थी।"

पूर्व मुख्य चयनकर्ता ने कहा, "एक अभिनेता से क्रिकेटर बनाना काफी मुश्किल होता है। इसके बाद धोनी की नकल करना, उम्मीदें काफी ऊंची रहती हैं। कई बायोपिक आईं लेकिन कोई भी धोनी की फिल्म की तरह सफल नहीं रही।"

Advertisement

उन्होंने कहा, "हम सामान्य अभ्यास सत्र आयोजित करते थे। नेट्स में उन्हें आम क्रिकेटर की तरह की समझा जाता था। तेज गेंदबाज उन्हें गेंदबाजी करते थे। हमने टेनिस गेंद से शुरुआत की थी लेकिन बाद में जब उनमें आत्मविश्वास आ गया तो फिर कोई समझौता नहीं।"

मोरे ने बताया, "मुझे उनके चेहरे का ख्याल रखना पड़ता था क्योंकि वो अभिनेता थे। उनका कोई क्रिकेट बैकग्राउंड भी नहीं था। उन्हें चेहरे और शरीर पर कई बार (गेंद) लगी, लेकिन उन्होंने कभी शिकायत नहीं की और न ही हार मानी। जब आप फिल्म देखेंगे तो आपको युवा धोनी दिखाई देगा और उसके बाद परिपक्व धोनी.. वो शरीर। वह इससे भी गुजरे। उन्होंने पहले वजन कम किया और फिर वजन बढ़ाया।"

सुशांत ने विकेटकीपिंग को लेकर भी काफी मेहनत की जो क्रिकेट न खेलने वाले के लिए काफी मुश्किल काम है।

Advertisement

मोरे ने कहा, "उनके लिए विकेटकीपिंग करना और चुनौतीपूर्ण था। अगर आप सचिन या कुंबले से विकेटकीपिंग करने को कहोगे तो वो नहीं कर पाएंगे। वह काफी मेहनती थे। मैं आज काफी दुखी हूं।"
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार