मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत को जीत दिलाने के महज दो दिन बाद, युवा फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर मोहित उल्वा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए सौराष्ट्र की सीनियर पुरुष टीम में शामिल किए गए हैं।

सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एससीए) ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए यह जानकारी देते हुए बताया, "मोहित उल्वा इंदौर में जारी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लीग मुकाबलों के लिए सौराष्ट्र की टीम से जुड़ गए हैं।"

शेयर की गई एक तस्वीर में उल्वा को कप्तान जयदेव उनादकट, हेड कोच नीरज ओदेदरा और कोच शेल्डन जैक्सन के साथ खड़े देखा जा सकता है। हालांकि, इंदौर के द डेली कॉलेज ग्राउंड में हरियाणा के खिलाफ जारी मैच की प्लेइंग इलेवन में उल्वा को जगह नहीं मिली।

लेकिन सौराष्ट्र के एलीट ग्रुप बी में अभी और भी मैच शेष हैं, ऐसे में उम्मीद है कि उल्वा को मौका मिलेगा और वह अपना सीनियर पुरुष टी20 डेब्यू कर सकेंगे। उल्वा को यह मौका मस्कट के पास अल अमीरात के मिनिस्ट्री टर्फ ग्राउंड 2 पर खेले गए उस यादगार शनिवार के बाद मिला है, जहां भारत ने अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था।

पाकिस्तान से मिले 338 रनों के विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 252 के स्कोर पर 8 विकेट गंवा चुकी थी, जिसके बाद 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए उल्वा ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 188 से भी ज्यादा रहा। आखिरी गेंद पर जीत के लिए 3 रनों की दरकार थी, तब उल्वा ने मिड-ऑफ के ऊपर से बाउंड्री की ओर शॉट खेलकर चौका जड़ा, जिससे मैदान पर मौजूद भारतीय खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

उल्वा ने मनल चौहान के साथ नौवें विकेट के लिए 35 गेंदों पर 57 रनों की साझेदारी की, और फिर आखिरी बल्लेबाज चिगुरपति वेंकटा के साथ मिलकर 16 गेंदों पर नाबाद 30 रन जोड़े।

इस बीच, ऐसी जानकारी है कि अर्जुन राजपूत, जिन्होंने मेंस अंडर-19 एशिया कप के लीग चरण में पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाया था, घरेलू टी20 टूर्नामेंट के लिए पंजाब की टीम में शामिल हो गए हैं। सौराष्ट्र की तरह ही, 2023/24 की चैंपियन पंजाब टीम को भी इस प्रतियोगिता के एलीट ग्रुप बी में रखा गया है।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार