T20 World Cup 2026, India vs USA Highlights: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। कप्तान सूर्यकुमार यादव की शानदार पारी ने भारत को मुश्किल हालात से उबारा और 161 रन के चूनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में यूएसए की टीम शुरुआत से ही बिखरती नजर आई और भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर मैच पर पकड़ बनाए रखी।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का तीसरा मुकाबला शनिवार, 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और यूएसए के बीच खेला गया। टॉस जीतकर यूएसए के कप्तान मोनांक पटेल ने पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया।
भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन ने 20 रन और तिलक वर्मा ने 25 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन दोनों बड़ी पारी नहीं खेल सके। मध्यक्रम में शिवम दुबे खाता नहीं खोल पाए, जबकि रिंकु सिंह 6 और हार्दिक पांड्या सिर्फ 5 रन बनाकर चलते बने।
लगातार गिरते विकेटों के बीच कप्तान सूर्यकुमार यादव चट्टान की तरह डटे रहे। उन्होंने जिम्मेदारी लेते हुए 49 गेंदों में नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा अक्षर पटेल ने कुछ देर उनका साथ देते हुए 11 गेंदों में 14 रन बनाए और सातवें विकेट के लिए 24 गेंदों में 41 रन की अहम साझेदारी निभाई। सूर्यकुमार की इस संकटमोचक पारी के दम पर भारत किसी तरह 161 रन तक पहुंच सका।
यूएसए की ओर से शैडली वान शल्कविक ने बेहतरीन गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट झटके। हरमीत सिंह को 2 सफलताएं मिलीं, जबकि अली खान और मोहम्मद मोहसिन ने भी एक-एक विकेट हासिल किया।
162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएसए की शुरुआत भी बेहद खराब रही। एंड्रीज गौस 6, सैतेजा मुक्कमल्ला 2 और कप्तान मोनांक पटेल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति ने चौथे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की। संजय कृष्णमूर्ति ने 31 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि मिलिंद कुमार ने 33 गेंदों में उपयोगी योगदान दिया।
अंत के ओवरों में शुभम रंजने ने 22 गेंदों में 37 रन जोड़कर संघर्ष जरूर दिखाया, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 132 रन तक ही पहुंच सकी।
भारत की गेंदबाज़ी में मोहम्मद सिराज सबसे सफल रहे, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को 2-2 सफलताएं मिलीं, जबकि वरुण चक्रवर्ती ने भी एक विकेट अपने नाम किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
कुल मिलाकर सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने यूएसए को 29 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में विजयी आगाज किया।