बांग्लादेश क्रिकेट में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को आधिकारिक तौर पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) का नया अध्यक्ष चुन लिया गया है। 37 साल की उम्र में वह इस पद तक पहुंचने वाले सबसे युवा अध्यक्ष बन गए हैं।
बांग्लादेश के पूर्व कप्तान और बाएं हाथ के बल्लेबाज तमीम इकबाल को रविवार (7 जून) को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का नया अध्यक्ष चुन लिया गया। इसके साथ ही तमीम ने इतिहास रच दिया है, क्योंकि वह 37 साल की उम्र में इस पद को संभालने वाले सबसे युवा अध्यक्ष बन गए हैं।
तमीम पिछले कुछ समय से अंतरिम अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे थे। दरअसल, इस साल अप्रैल में बांग्लादेश सरकार ने BCB के निदेशक मंडल को भंग कर दिया था। पिछले साल अक्टूबर में हुए बोर्ड चुनावों में कथित अनियमितताओं की जांच के बाद गठित पांच सदस्यीय समिति की सिफारिश पर यह फैसला लिया गया था।
बांग्लादेश में क्रिकेट और राजनीति का रिश्ता हमेशा से काफी गहरा रहा है। 2024 में हुए राजनीतिक बदलावों और शेख हसीना सरकार के सत्ता से बाहर होने के बाद देश का क्रिकेट भी प्रभावित हुआ था। इसके बाद नई सरकार ने फरवरी में बोर्ड को भंग कर दिया और तमीम इकबाल की अगुवाई में अंतरिम बोर्ड का गठन किया था।
अब हुए बोर्ड चुनाव में तमीम को जबरदस्त समर्थन मिला। उन्हें 75 में से 73 काउंसिलरों के वोट मिले और उन्होंने 16 उम्मीदवारों के बीच हुए चुनाव में सबसे ज्यादा वोट हासिल किए। अध्यक्ष बनने के बाद तमीम के सामने बांग्लादेश क्रिकेट की छवि को मजबूत करने और बोर्ड में स्थिरता लाने की चुनौती होगी। हाल के वर्षों में बांग्लादेश क्रिकेट कई विवादों के कारण चर्चा में रहा है, ऐसे में सभी की नजरें अब तमीम के नेतृत्व पर टिकी रहेंगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
अगर तमीम इकबाल के क्रिकेट करियर की बात करें तो वह बांग्लादेश के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने 70 टेस्ट, 243 वनडे और 78 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों सहित कुल 391 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। वनडे क्रिकेट में उनके नाम 8357 रन दर्ज हैं, जबकि टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 5134 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 1758 रन बनाए हैं। 2023 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब वह प्रशासनिक भूमिका में बांग्लादेश क्रिकेट की नई दिशा तय करते नजर आएंगे।