बांग्लादेश क्रिकेट टीम को आगामी एशिया कप से पहले एक बड़ा झटका लग चुका है। स्टार बल्लेबाज और वनडे कप्तान तमीम इकबाल आगामी एशिया कप में नहीं खेल पाएंगे और साथ ही उन्होंने अपनी कप्तानी से भी इस्तीफा दे दिया है। तमीम इस समय पीठ की चोट से उबर रहे हैं लेकिन उनकी इस चोट के समय पर ठीक होने की संभावना नहीं है ऐसे में उन्होंने वर्ल्ड कप से पहले बांग्लादेश के वनडे कप्तान के रूप में पद भी छोड़ दिया है।

Advertisement

तमीम अब एशिया कप और वर्ल्ड कप के बीच 21 सितंबर से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज खेलने की तैयारी कर रहे हैं। तमीम का कप्तानी छोड़ने का फैसला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास वापस लेने के एक महीने से भी कम समय बाद आया है। तमीम ने 6 जुलाई, 2023 के दिन रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था लेकिन अगली दोपहर, बांग्लादेश की प्रधान मंत्री शेख हसीना ने उनसे अपना निर्णय बदलने का अनुरोध किया और उन्होंने ये अनुरोध स्वीकार कर लिया।

Advertisement

तमीम ने इस बारे में बताया कि उन्होंने जब प्रधानमंत्री को कप्तानी छोड़ने के अपने फैसले के बारे में बताया तो इसके बाद उन्होंने हसन के आवास पर बीसीबी अध्यक्ष नजमुल हसन और क्रिकेट संचालन अध्यक्ष जलाल यूनुस के साथ लंबी चर्चा की। तमीम ने कहा, "मेरा मानना है कि चोट एक मुद्दा है। मैंने 28 जुलाई को एक इंजेक्शन लिया था, लेकिन ये हिट या मिस की तरह है। मैंने उन्हें (बोर्ड को) समस्या के बारे में बताया है। मैंने हमेशा हर चीज में टीम की मदद की है। इसलिए इसे ध्यान में रखते हुए, पद छोड़ रहा हूं।"

आगे बोलते हुए तमीम ने कहा, 'ये सर्वोत्तम संभव निर्णय है। जब भी अवसर मिले मैं एक खिलाड़ी के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहता हूं। मैंने प्रधान मंत्री से बात की है और वो समझ गई हैं।"

वहीं, जलाल ने कहा कि लंबी रिहैबिलिटेशन अवधि के कारण तमीम एशिया कप से बाहर हो गए हैं लेकिन वो न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और अक्टूबर में वर्ल्ड कप की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "वो अपनी पीठ में एल4 और एल5 में चोट से जूझ रहे हैं। लगभग एक साल से उनका इलाज चल रहा है। वो विदेश गए, कई डॉक्टरों से सलाह ली। हाल ही में उन्होंने लंदन में एक डॉक्टर से सलाह ली।"

Advertisement

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार