बांग्लादेश के ओपनिंग बल्लेबादज तंजीद हसन तमीम (Tanzid Hasan Tamim) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डार्विन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया।दूसरे दिन 32 रन के निजी स्कोर से आगे खेलने उतरे तमीम ने ऑस्ट्रेलिया के मजबूत गेंदबाजी अटैक के सामने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 186 गेंदों में शतक पूरा किया।
तमीम बांग्लादेश के पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर टेस्ट शतक लगाया है। बता दें कि तमीम के टेस्ट करियर का यह सिर्फ दूसरा ही मुकाबला है। वहीं वह दूसरे बांग्लादेश बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक पूरा किया है। इससे पहले शहरयार नफीस ने 2006 में फतुल्लाह में खेले गए मुकाबले में 138 रन की पारी खेली थी।
हालांकि शतक के बाद तमीम ज्यादा देर मैदान पर नहीं टिके और नाथन लियोन की गेंद पर मिचेल स्टार्क को कैच थमा बैठे। तमीम ने 197 गेंदों में 101 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके औऱ 1 छक्का जड़ा।
तमीम ने मोमिनुल हक (49 रन) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 186 गेंदों में 102 रन और कप्तान नजमुल हुसैन शांतो के साथ तीसरे विकेट के लिए 157 गेंदों में 93 रनों की साझेदारी की। जिससे बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी के 198 रन के स्कोर को पार कर के बढ़त हासिल कर ली है।
Also Read: LIVE Cricket Score