बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे में आखिरी ओवरों तक जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। पाकिस्तान के लिए सलमान अली आगा ने शानदार शतक जड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया था। लेकिन ठीक उसी वक्त तस्कीन अहमद ने अपनी चालाकी से उन्हें फंसा लिया। इस अहम विकेट के साथ ही पाकिस्तान की जीत की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा और मुकाबला बांग्लादेश के पक्ष में चला गया।

Advertisement

ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में रविवार (15 मार्च) को खेल गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद बांग्लादेश की टीम ने 290 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए तंजीद हसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 107 गेंदों में 107 रन की बेहतरीन पारी खेली। 

Advertisement

291 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान और माज सदाकत सिर्फ 6-6 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद मोहम्मद रिजवान भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। गाजी गोरी (29) और अब्दुल समद (34) ने कुछ रन जोड़े, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए।

हालांकि इसके बाद एक छोर पर सलमान अली आगा डटे रहे और उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को मुकाबले में बनाए रखा। आगा ने 98 गेंदों में 106 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी की बदौलत पाकिस्तान की टीम आखिरी ओवरों में जीत के करीब पहुंचती हुई नजर आ रही थी। इस दौरान उन्हें अब्दुल समद (38) और कप्तान शाहीन अफरीदी (37) का भी अच्छा साथ मिला।

मुकाबले का सबसे बड़ा मोड़ पारी के 48वें ओवर में आया। पाकिस्तान को जीत के लिए 15 गेंदों में 30 रन की जरूरत थी और गेंदबाजी की जिम्मेदारी तस्कीन अहमद के हाथों में थी। ओवर की चौथी गेंद पर तस्कीन ने धीमी गति की फुल लेंथ गेंद डाली, जिसे सलमान आगा ठीक से समझ नहीं पाए। उन्होंने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद ऊंची हवा में चली गई और डीप मिडविकेट पर नजमुल हुसैन शांतो ने आसान सा कैच पकड़ लिया।

VIDEO:

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

सलमान आगा के 106 रन पर आउट होते ही पाकिस्तान की जीत की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा और पाकिस्तान की टीम 50 ओवर में ऑलआउट होकर 279 रन ही बना सकी। इस तरह बांग्लादेश ने यह मुकाबला 11 रन से जीत लिया और तीन मैचों की वनडे सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया। वहीं तस्कीन ने इस मुकाबले में जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर के स्पेल में 49 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार