South Africa vs Australia 2nd Test Stats: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गकेबेरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच का तीसरा दिन साउथ अफ्रीका के नाम रहा। मुश्किल परिस्थितियों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए कप्तान बावुमा ने 179 रन की रिकॉर्ड पारी खेली, जिसकी बदौलत साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 9 विकेट के नुकसान पर 425 रन बनाए।
साउथ अफ्रीका दूसरे दिन 5 विकेट के नुकसान पर 97 रन से आगे खेलने उतरी थी। जिसके बाद बावुमा और मार्को यान्सेन ने मिलकर पारी को संभाला और सातवें विकेट के लिए 142 रनों की बेहतरीन साझेदारी कर टीम को संभाला। यान्सेन के रूप में सातवां विकेट गिरा, जिन्होंने 100 गेंदों में 85 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।
यान्सेन के पवेलियन लौटने के बाद बावुमा औऱ साइमन हार्मर ने आठवें विकेट के लिए 183 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की। हार्मर ने टेस्ट में अपना पहला पचास प्लस स्कोर बनाते हुए 157 गेंदों मे 82 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए स्कॉट बोलैंड ने 5 विकेट और मिचेल स्टार्क ने 3 विकेट झटके।
तीसरे दिन के खेल के दौरान कई खास रिकॉर्ड्स भी बने, आइए जानते हैं।
ऐसा करने वाले पहले कप्तान
टेम्बा बावुमा गकेबेरहा में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले साउथ अफ़्रीकी कप्तान बन गए हैं। उन्होंने केप्लर वेसल्स को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 1992 में भारत के खिलाफ की नाबाद 95 रनों की पारी खेली थी।
बावुमा साउथ अफ्रीका के पहले कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक टेस्ट पारी में 150 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। इससे पहले 2012 में ग्रीम स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में हुए मैच में 122 रन बनाए थे।
बतौर साउथ अफ्रीकी कप्तान टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 150 या उससे ज्यादा की पारी खेलने के मामले में बावुमा संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर आ गए हैं। दूसरी बार यह कारनामा कर उन्होंने हाशिम अमला की बराबरी की है। ग्रीम स्मिथ (7) इस लिस्ट में टॉप पर हैं।
बोलैंड का कमाल
37 साल 190 दिन की उम्र में, स्कॉट बोलैंड एक टेस्ट पारी में 5 विकेट लेने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले फ्रैंक लेवर (39 साल 231 दिन) इस लिस्ट में आते हैं, जिन्होंने 1909 में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ 31 रन देकर 8 विकेट लिए थे।
स्टार्क ने रचा इतिहास
Also Read: LIVE Cricket Score
मिचेल स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में 450 विकेट पूरे करने वाले ऑस्ट्रेलिया के चौथे गेंदबाज बन गए हैं। वहीं यह मुकाम हासिल करने वाले वह दुनिया के पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं।
गौरतलब है कि तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 1 विकेट के नुकसान पर 3 रन बनाए हैं और मेजबान टीम से अभी भी 422 रन पीछे है।