Bowlers Who Conceded Most Sixes In IPL 2026: आईपीएल 2026 में बल्लेबाजों का दबदबा साफ देखने को मिला। पूरे सीजन में चौकों-छक्कों की बारिश हुई और कई गेंदबाजों को इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ा। दिलचस्प बात यह रही कि इस सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले पर्पल कैप विजेता कगिसो रबाडा भी इस अनचाही लिस्ट में सबसे ऊपर रहे।
आईपीएल 2026 का रोमांचक सफर रविवार (31 मई) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की खिताबी जीत के साथ खत्म हुआ। फाइनल में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। इस सीजन बल्लेबाजों ने जमकर रन बनाए और गेंदबाजों के लिए हालात आसान नहीं रहे।
टी20 क्रिकेट में अब बल्लेबाज शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हैं। ऐसे में कई बड़े गेंदबाज भी छक्कों की मार से नहीं बच सके। आइए इस खास आर्टिकल के जरिए जानते हैं उन टॉप-3 गेंदबाजों के बारे में जिन्होंने आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा छक्के खाए।
3. अंशुल कंबोज (34 छक्के)
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए भले ही यह सीजन निराशाजनक रहा हो, लेकिन युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया। उन्होंने 14 मैचों में 21 विकेट हासिल किए और कई मौकों पर टीम को शुरुआती सफलताएं दिलाईं।
हालांकि उनकी आक्रामक गेंदबाजी का नुकसान भी उन्हें उठाना पड़ा। बल्लेबाजों ने उन पर खुलकर हमला किया और पूरे सीजन में उनके खिलाफ 34 छक्के लगाए। उनका इकोनॉमी रेट भी 10 रन प्रति ओवर से ऊपर रहा।
2. राशिद खान (36 छक्के)
गुजरात टाइटंस के स्टार स्पिनर राशिद खान इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। आईपीएल 2026 में बल्लेबाजों ने राशिद को भी नहीं बख्शा और उनके खिलाफ कुल 36 छक्के जड़े।
हालांकि इसके बावजूद राशिद का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 17 मैचों में 21 विकेट चटकाए। उनका गेंदबाजी औसत 24.57 और इकोनॉमी रेट 9.07 रहा। लेकिन विरोधी टीमों ने गुजरात की रणनीति बिगाड़ने के लिए राशिद पर लगातार हमला करने की कोशिश की।
1. कगिसो रबाडा (40 छक्के)
इस अनचाही लिस्ट में सबसे ऊपर गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा का नाम है। दिलचस्प बात यह है कि रबाडा ने पूरे सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेकर पर्पल कैप भी जीती। रबाडा ने 17 मैचों में 29 विकेट हासिल किए। उनका गेंदबाजी औसत 21.58 और स्ट्राइक रेट 13.37 रहा, लेकिन बल्लेबाजों के आक्रामक रवैये के कारण उन्हें भी काफी छक्के खाने पड़े।
Also Read: LIVE Cricket Score
पूरे सीजन में रबाडा के खिलाफ 40 छक्के लगे, जो आईपीएल 2026 में किसी भी गेंदबाज द्वारा खाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। इतना ही नहीं, यह एक आईपीएल सीजन में किसी गेंदबाज द्वारा दिए गए सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड भी बन गया।