MSG vs SUL, The Hundred Men's 2026: द हंड्रेड 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला बीते शुक्रवार, 14 अगस्त को लंदन के केनिंग्टन ओवल स्टेडियम में खेला गया था जहां मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (Manchester Super Giants) ने 186 रन डिफेंड करके सनराइजर्स लीड्स (Sunrisers Leeds) को 20 रनों से मात दी। इस मुकाबले में MSG के लिए पॉल वाल्टर और हेनरिक क्लासेन ने अर्धशतक ठोका, वहीं जोश टंग ने 4 विकेट निकाले। जोश को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है।
सबसे पहले ये जान लीजिए कि द हंड्रेड 2026 के एलिमिनेटर में सनराइजर्स लीड्स ने ही टॉस जीतकर मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पारी की 100 गेंदों पर सिर्फ 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 186 रन टांगे। उनके लिए पॉल वाल्टर और हेनरिक क्लासेन ने मैदान पर धमाल मचाकर अर्धशतक जड़ा।
पॉल वाल्टर ने 46 गेंदों पर 3 चौके 8 छक्के ठोककर 80 रन बनाए, वहीं हेनरिक क्लासेन ने महज़ 26 गेंदों पर 6 चौके 4 छक्के जड़कर 63 रनों की पारी खेली। इनके अलावा जोस बटलर ने भी 20 गेंदों पर 33 रनों का योगदान किया। बात करें सनराइजर्स लीड्स के गेंदबाज़ों की तो ब्रायडन कार्स, मैथ्यू पॉट्स और नाथन एलिस ही एक-एक विकेट ले पाए।
यहां से अब सनराइजर्स लीड्स के सामने जीत हासिल करने के लिए 187 रनों का लक्ष्य था जिसका पीछा करते हुए रयान रिकेल्टन और हैरी ब्रूक ने तगड़ी लड़ाई लड़ी। रिकेल्टन ने 34 गेंदों पर 5 चौके 3 छक्के ठोककर नाबाद 54 रन बनाए। वहीं हैरी ब्रूक ने 31 गेंदों पर 7 चौके 2 छक्के ठोककर 49 रन जोड़े। हालांकि इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा टीम का दूसरा कोई भी बल्लेबाज़ मैदान पर ज्यादा देर नहीं टिक सका जिस वज़ह से टीम का स्कोर 7 विकेट पर 166 रन तक ही पहुंचा।
Also Read: LIVE Cricket Score
MSG के लिए जोश टंग ने 20 गेंदों पर 26 रन देकर 4 विकेट लिए, वहीं सोनी बेकर ने 2 और लियाम डॉसन ने 1 विकेट झटका। तो ऐसे मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने ये महामुकाबला पूरे 20 रनों से जीता और टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह बनाई। अब विजेता के खिताब के लिए उनकी भिड़त ट्रेंट रॉकेट्स की टीम से होगी। ये मुकाबला रविवार, 16 अगस्त को लंदन के आइकॉनिक स्टेडियम लॉर्ड्स में खेला जाएगा।