रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने कहा है कि आईपीएल-13 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ सुपर ओवर में खेली गई पारी से उन्हें अपनी फॉर्म वापस पाने में मदद मिली है। कोहली ने 28 सितंबर को मुंबई इंडियंस के खिलाफ सुपर ओवर में बल्लेबाजी की थी, जहां उन्होंने अपनी टीम को जीत दिलाई थी।

Advertisement

कोहली ने इसके बाद शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 90 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुने गए।

Advertisement

उनकी पारी के दम पर ही बेंगलोर ने चेन्नई को 170 रनों की चुनौती दी थी जिसके सामने तीन बार की विजेता 37 रनों से मैच हार गई।

कोहली ने चेन्नई के खिलाफ मैच से पहले पिछले दो मैचों में 43 और नाबाद 72 रनों की पारी खेली थी। उससे पहले वह 14, 1 और 3 रन ही बना पाए थे।

कोहली ने चेन्नई के मैच के बाद कहा, " इससे पहले, मैं बहुत ज्यादा कुछ करने की सोच रहा था। अगर आप जिम्मेदारियों के बारे में ज्यादा सोचेंगे, तो इससे आपके ऊपर ज्यादा बोझ बढ़ जाएगा और एक खिलाड़ी के रूप में नहीं खेल पाएंगे। टीम की सफलता के लिए आपके कौशल का होना जरूरी है।"

उन्होंने कहा, " वह सुपर ओवर जहां मुझे रन बनाने थे और वहां मैं आउट हो गया और हम मैच हार गए थे। इसके बाद मैंने ट्रेनिंग का आनंद लेना शुरू कर दिया और फिर बल्लेबाजी के लिहाज से अगले कुछ सेशन काफी अच्छे थे। मैं पिछले मैच में भी गेंद को अच्छे से हिट कर रहा था और आज भी यही चाहता था। इन सभी दिनों में ट्रेनिंग से भी अच्छी मदद मिली है।"

Advertisement

कोहली ने चेन्नई के खिलाफ 39 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर इसके बाद उन्होंने 13 गेंदों पर 37 रन और जोड़ डाले।

कप्तान ने कहा, "हर एक गेंद को हिट करने के बजाय मैं परिस्थितियों को समझने की कोशिश कर रहा था। यही अनुभव है और काफी क्रिकेट खेलने से, खासकर टी-20 क्रिकेट खेलने मैं इतना तो समझ गया हूं कि अगर आप सेट हो चुके हैं तो आप डेथ ओवरों में हिट कर सकते हैं।"

लेखक के बारे में

Shubham Shah
Read More
ताजा क्रिकेट समाचार