IPL 2026, Gujarat Titans vs Mumbai Indians: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सोमवार (20 अप्रैल) को खेले गए आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 99 रन से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने तिलक वर्मा के शानदार शतक की बदौलत 199 रन बनाए, जिसके जवाब में गुजरात की टीम सिर्फ 100 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ मुंबई ने लगातार 4 हार का सिलसिला भी तोड़ दिया।

Advertisement

आईपीएल 2026 के 30वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवा दिए। दानिश मालेवार 2 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि क्विंटन डी कॉक 13 रन ही बना सके। सूर्यकुमार यादव भी 15 रन बनाकर पावरप्ले के अंदर ही पवेलियन लौट गए।

Advertisement

शुरुआती झटकों के बाद नमन धीर ने 32 गेंदों में 45 रन की अहम पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की। इसके बाद तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में नाबाद 101 रन ठोक दिए, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 199 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

गुजरात टाइटंस के लिए गेंदबाजी में कगिसो रबाडा ने 3 विकेट झटके, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को 1-1 सफलता मिली।

200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। साईं सुदर्शन बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि जोस बटलर 5 और कप्तान शुभमन गिल 14 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए। मध्य ओवरों में भी टीम संभल नहीं पाई। वाशिंगटन सुंदर ने 26 रन और शाहरुख खान ने कुछ रन 17 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे। गुजरात के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए और पूरी टीम 15.5 ओवर में 100 रन पर ऑलआउट हो गई।

मुंबई इंडियंस के लिए गेंदबाजी में अश्विनी कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। मिचेल सेंटनर ने 2 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह, अल्लाह ग़ज़नफ़र और हार्दिक पांड्या को 1-1 सफलता मिली।

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

इस तरह मुंबई इंडियंस ने 99 रन से बड़ी जीत दर्ज करते हुए लगातार चार हार का सिलसिला तोड़ दिया। इस जीत के साथ टीम ने 2 अंक हासिल कर अंकतालिका में 7वें पायदान पर आते हुए अपनी स्थिति सुधारी, जबकि गुजरात टाइटंस को इस सीजन की तीसरी हार का सामना करना पड़ा।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार