England vs New Zealand Test: न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने नॉटिंघम के ट्रैंट ब्रिज में खेले गए तीसरे औऱ आखिरी टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 160 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। इस सीरीज जीत के साथ ही न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम के नाम खास रिकॉर्ड दर्ज हो गया।
लैथम न्यूजीलैंड के पहले औऱ दुनिया के छठे विदेशी कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने भारत औऱ इंग्लैंड की सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीती है। उनसे पहले जॉन गोडार्ड, सर क्लाइव लॉयड, सर गैरी सोबर्स, रिची बेनॉ और इमरान खान ने ही यह मुकाम हासिल किया था।
इसके अलावा यह चौथी बार हुआ है जब न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड में सीरीज जीती है। इससे पहले साल 1986, 1999, और 2021 में ऐसा हुआ था। वहीं पहली बार ऐसा हुआ है जब तीन टेस्ट की सीरीज में पिछड़ने के बाद न्यूजीलैंड ने वापसी करते हुए सीरीज जीती है।
373 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड टीम 212 रनों पर ऑलआउट हो गई। जिसमें जैमी स्मिथ ने 60 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए दूसरी पारी में जैकरी फॉक्स ने 3 विकेट, नाथन स्मिथ, मिचेल सैंटनर ने 2-2 विकेट और बेन सियर्स ने 1 विकेट लिए।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने 9 विकेट के नुकसान पर 288 रन बनाकर दूसरी पारी घोषित कर दी थी। जिसमें डेरिल मिचेल ने नाबाद 100 रन और रचिन रविंद्र ने 94 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 438 रन बनाए थे। जिसके जवाब में मेजबान टीम 354 पर ही सिमट गई थी।