Most Runs For Single IPL team: आईपीएल के इतिहास में कई ऐसे बल्लेबाज रहे हैं, जिन्होंने अपनी टीम के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन किया और रनों का अंबार लगाया। लेकिन एक ही फ्रेंचाइजी के लिए लंबे समय तक खेलते हुए लगातार रन बनाना आसान नहीं होता। ऐसे में आज हम आपको इस खास आर्टिकल के जरिए उन टॉप-5 बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने लंबे समय तक एक ही आईपीएल टीम के लिए खेलते हुए सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।
1. विराट कोहली
सबसे पहले बात करें विराट कोहली की, तो इस मामले में उनका कोई मुकाबला नहीं है। कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए 267 मैचों में 8661 रन बनाए हैं। आईपीएल की शुरुआत से ही वह इस टीम का हिस्सा रहे हैं और लगातार अपनी बल्लेबाजी से टीम की रीढ़ बने हुए हैं।
2. रोहित शर्मा
दूसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा का नाम आता है। रोहित ने 227 मैचों में 5876 रन बनाए हैं और अपनी कप्तानी व बल्लेबाजी से टीम को पांच बार चैंपियन बनाया है। उनकी भूमिका सिर्फ बल्लेबाज की नहीं, बल्कि एक लीडर के रूप में भी बेहद अहम रही है।
3. महेंद्र सिंह धोनी
तीसरे स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं। धोनी ने सीएसके के लिए 248 मैचों में 4865 रन बनाए हैं। हालांकि उनके आंकड़े जितने भी शानदार हैं, उससे कहीं ज्यादा उनकी फिनिशिंग और कप्तानी ने टीम को पहचान दिलाई है।
4. सुरेश रैना
इस लिस्ट में चौथे नंबर पर सुरेश रैना हैं, जिन्हें ‘मिस्टर IPL’ के नाम से भी जाना जाता है। रैना ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 176 मैचों में 4687 रन बनाए और कई मौकों पर टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला।
5.एबी डिविलियर्स
वहीं पांचवें नंबर पर एबी डिविलियर्स का नाम आता है। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 156 मैचों में 4491 रन बनाए। अपनी 360 डिग्री बल्लेबाजी के लिए मशहूर डिविलियर्स ने कई मैचों में अकेले दम पर टीम को जीत दिलाई।
गौर करने वाली बात यह है कि एक ही टीम के लिए 5000 से ज्यादा रन बनाने का कारनामा अब तक सिर्फ विराट कोहली और रोहित शर्मा ही कर पाए हैं। यही वजह है कि ये दोनों खिलाड़ी इस खास लिस्ट में सबसे अलग नजर आते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि, इस एलिट लिस्ट में महेंद्र सिंह धोनी का नाम भी जल्द ही जुड़ सकता है। माही अगर आईपीएल 2026 सीजन में सिर्फ 135 रन बना लेते हैं, तो वह भी चैन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए 5000 रन पूरे कर लेंगे।