बांग्लादेश के 25 साल के युवा बल्लेबाज तौहीद हृदोय (Towhid Hridoy) ने बुधवार (2 सितंबर) को फर्स्ट क्लास क्रिकेट में इतिहास रच दिया। साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ खेले गए दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में बांग्लादेश ए की ओर से खेलते हुए हृदोय ने ऐसी पारी खेली, जिसने उन्हें देश के फर्स्ट क्लास क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में सबसे ऊपर पहुंचा दिया।

Advertisement

पॉचेफस्ट्रूम के सेनवेस पार्क में खेले गए इस मुकाबले में हृदोय ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की पहली पारी में 481 गेंदों पर नाबाद 350 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 27 चौके और 10 छक्के निकले। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत बांग्लादेश ए ने पहली पारी में साउथ अफ्रीका ए पर 164 रन की बढ़त हासिल की।

हृदोय की यह पारी बांग्लादेश के किसी बल्लेबाज द्वारा फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बनाया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड बांग्लादेश के पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल के नाम था। तमीम ने बांग्लादेश क्रिकेट लीग के एक मुकाबले में ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए सेंट्रल जोन के खिलाफ नाबाद 334 रन बनाए थे। अब हृदोय ने तमीम के इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए 350 रन की नाबाद पारी खेली है। 

हृदोय बांग्लादेश के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 300 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। उनसे पहले तमीम इकबाल और रकीबुल हसन यह कारनामा कर चुके हैं। वहीं, हृदोय का यह प्रदर्शन बांग्लादेश के बाहर किसी फर्स्ट क्लास मुकाबले में किसी बांग्लादेशी बल्लेबाज का पहला तिहरा शतक भी है।

रकीबुल हसन ने 2009-10 के इस्पहानी मिर्जापुर टी नेशनल क्रिकेट लीग मुकाबले में बरिसाल डिवीजन की ओर से खेलते हुए सिलहट डिवीजन के खिलाफ 609 गेंदों पर 313 रन बनाए थे। वहीं तमीम इकबाल ने मीरपुर में ईस्ट जोन के लिए खेलते हुए 426 गेंदों पर नाबाद 334 रन की पारी खेली थी।

Also Read: LIVE Cricket Score

हृदोय की 350 रन की पारी न सिर्फ बांग्लादेश ए के लिए बेहद अहम रही, बल्कि इसने उन्हें बांग्लादेश के फर्स्ट क्लास क्रिकेट इतिहास में एक खास मुकाम पर पहुंचा दिया। साउथ अफ्रीका ए और बांग्लादेश ए के बीच यह मुकाबला आखिरकार ड्रॉ रहा।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार