14 सितंबर,नई दिल्ली। कॉलिन मुनरो और लेंडल सिमंस के तूफानी अर्धशतकों की बदौलत त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने सबीना पार्क में खेले गए कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) 2019 के 10वें मुकाबले में जमैका तलाहवास को 41 रनों से हरा दिया। नाइट राइडर्स की यह लगातार चार मैचों में चौथी जीत है।
268 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमैका की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 226 रन ही बना सकी। जमैका की शुरुआत अच्छी रही और कप्तान क्रिस गेल (39) और ग्लेन फिलिप्स ने मिलकर पहले विकेट के लिए 88 रन जोड़े। फिलिप्स ने जमैका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए और 32 गेदों 62 रन बनाए,जिसमें 7 चौके और 4 छक्के जड़े।
लेकिन गेल और फिलिप्स के आउट होने के बाद पारी थोड़ लड़खड़ाई और अगले तीन बल्लेबाज सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद रमाल लुईस ने 15 गेंदों में नाबाद 37 रन औऱ जवेले ग्लेन ने 24 गेंदों में नाबाद 34 रन की पारी खेलकर जमैका को स्कोर के थोड़ा करीब पहुंचाया।
नाइट राइडर्स के लिए मोहम्मद हसनैन ने दो और कप्तान काइरोन पोलार्ड, सुनील नारायण और जिमी नीशम ने एक-एक विकेट चटकाया।
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी नाइट राइडर्स की टीम ने 20 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 267 रन बनाए। जो टी-20 क्रिकेट इतिहास में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। लेंडल सिमंस ने 42 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 86 रन बनाए। वहीं कॉलिन मुनरो ने 50 गेंदों में 6 चौको और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 96 रन बनाए। इसके अलावा अंत में कप्तान ने 17 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
मुनरो को उनकी तूफानी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।