India vs South Africa: टीम इंडिया ने विराट कोहली की कप्तानी में इतिहास रच दिया है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मैच में अफ्रीकी टीम को 113 रनों से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।
यह जीत टीम इंडिया के लिए खास है क्योंकि सेंचुरियन में पहली बार टीम इंडिया टेस्ट जीती है। टीम इंडिया को मिली इस जीत के बाद ट्विटर पर बधाईयों का ताता लग गया है। राहुल गांधी से लेकर तमाम क्रिकेटर्स टीम इंडिया की इस जीत पर बधाई दे रहे हैं। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, 'वेल प्लेड इंडिया।'
रवि शास्त्री ने लिखा, 'ब्रिस्बेन, ओवल, लॉर्ड्स और अब सेंचुरियन…बधाई टीम इंडिया।' बता दें कि टीम इंडिया की पहली पारी 327 रनों पर सिमटी जिसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 197 रनों पर ऑलआउट हो गई।
मोहम्मद शमी के खाते में 5 विकेट आए। वहीं दूसरी पारी में पंत ने टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा 34 रनों की पारी खेली। साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी 191 रनों पर सिमट गई थी। मालूम हो कि बारिश से दूसरा दिन धुल जाने के बाद, तीसरे दिन गेंदबाजों ने 18 विकेट झटके थे।