UP-W vs MI-W, WPL 2026: मेग लैनिंग की कैप्टेंसी वाली यूपी वॉरियर्स की टीम ने शनिवार, 17 जनवरी को हरमनप्रीत कौर की कैप्टेंसी वाली मुंबई इंडियंस की टीम को 22 रनों से हराकर धूल चटाई। गौरतलब है कि उन्होंने WPL 2026 के सीजन में लगातार दूसरी बार MI को हराया है।
मेग लैनिंग और फीबी लिचफील्ड ने ठोका अर्धशतक: इस मुकाबले में यूपी वॉरियर्स की कैप्टन मेग लैनिंग ने टीम की जीत की नींव रखी और 45 गेंदों पर 11 चौके और 2 छक्के ठोकते हुए 70 रन बनाए। उनके अलावा फीबी लिचफील्ड ने भी कमाल की बैटिंग की और 37 गेंदों पर 7 चौके और 3 छक्के ठोकते हुए 61 रनों की पारी खेली। इन दोनों ही खिलाड़ियों की पारियों के दम पर यूपी वॉरियर्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 188 रनों का टारगेट स्कोर बोर्ड पर टांगा।
अमेलिया केर की मेहनत पर फिरा पानी: मुंबई इंडियंस की स्टार ऑलराउंडर अमेलिया केर ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में यूपी वॉरियर्स के खिलाफ अपनी गेंदबाज़ी और बल्लेबाज़ी दोनों से ही शानदार प्रदर्शन किया, हालांकि यहां उन्हें दूसरी तरफ से खिलाड़ियों का भरपूर सहयोग नहीं मिला जिस वज़ह से उनकी पूरी मेहनत पर पानी फिर गई।
बात दें कि 25 साल की अमेलिया केर ने यूपी वॉरियर्स के खिलाफ अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 28 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं बैटिंग करते हुए उन्होंने महज़ 28 गेंदों पर 6 चौके और 1 छक्का लगाकर नाबाद 49 रन बनाए। उनके अलावा अमनजोत कौर ने भी अपनी पारी की आखिरी गेंद तक भरपूर कोशिश की और 24 गेंदों पर 41 रनों की पारी खेली। उन्होंने 3 ओवर में 38 रन देकर 1 विकेट भी लिया। बताते चलें कि 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर सिर्फ 165 रन ही बना पाई और ऐसे वो ये मुकाबला 22 रनों से हारे।
पॉइंट्स टेबल का हाल: WPL 2026 के 10वें मुकाबले के बाद अब यूपी वॉरियर्स की टीम 5 मैचों में 2 जीत, 3 हार और कुल 4 अंकों के साथ चौथे पायदान पर है। वहीं बात करें अगर मुंबई इंडियंस की तो उनके नाम भी 5 मैचों में 2 जीत, 3 हार और 4 अंक दर्ज हैं, लेकिन वो पॉइंट्स टेबल पर दूसरे नंबर हैं क्योंकि उनका नेट रन रेट बाकी टीमों से बेहर हैं। पॉइंट्स टेबल पर सबसे ऊपर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम हैं, जिन्होंने अपने शुरुआती तीनों ही मैच जीते हैं।