List A Cricket Fastest Fifty: वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने रविवार (21 जून) को इंडिया ए के लिए 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया। श्रीलंका ए के खिलाफ वनडे ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में सूर्यवंशी ने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
सूर्यवंशी ने 324.14 की स्ट्राईक रेट से 29 गेंदों में 94 रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 छ्क्के जड़े। इस कारण सूर्यवंशी लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी करने से चूक गए।
श्रीलंका ए के पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला करने के बाद, रंगिरी दाम्बुला इंटरनेशनल स्टेडियम में बैटिंग करने उतरे सूर्यवंशी ने पहली ही गेंद से आक्रामक रुख अपनाया और मोहम्मद शिराज़ की गेंद पर फ़्लैट-बैट शॉट खेलकर बाउंड्री लगाई।.
15 साल के सूर्यवंशी ट्राई सीरीज के पिछले मुकाबलों में वह कमाल नहीं कर पाए थे, जिसके लिए जाने जाते हैं,लेकिन फाइनल मुकाबले में उन्होंने कहर बरपा दिया। उन्होंने शिराज के दूसरे ओवर में 26 रन जड़े, जिसमें तीन छक्के औऱ दो चौके शामिल है।
सूर्यवंशी ने अपनी पारी का पांचवां छक्का जड़कर 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले, श्रीलंका के कौशल्या वीरत्ने के नाम सबसे तेज़ लिस्ट-ए अर्धशतक का रिकॉर्ड था, जिन्होंने रागामा क्रिकेट क्लब के लिए 12 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
Also Read: LIVE Cricket Score
बतौर भारतीय लिस्ट ए में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड पहले मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान के नाम था। जिन्होने पिछले सीजन पंजाब के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी में 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। दिसंबर 2024 में डेब्यू करने वाले सूर्यवंशी का यह 12वां लिस्ट ए मैच था, इस दौरान उन्होंने बिहार के लिए घरेलू क्रिकेट में 190 रन की पारी भी खेली थी।