Robin Uthappa Picks India's Squad For ODI World Cup 2027: भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा (Robin Uthappa) ने साल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप (ODI World Cup 2027) के लिए भारतीय टीम का चुनाव किया है। रॉबिन ने 15 सदस्यीय स्क्वाड चुनी है जिसमें उन्होंने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) को भी जगह दी है। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि इस टीम में विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज़ ईशान किशन (Ishan Kishan) नहीं हैं, जो कि वनडे फॉर्मेट में दोहरा शतक ठोकने का कारनामा कर चुके हैं।
रॉबिन उथप्पा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए साल 2027 ODI वर्ल्ड कप के लिए अपनी पसंदीदा भारतीय स्क्वाड फैंस के सामने रखी। वो बोले, "मेरे सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा, शुभमन गिल और वैभव सूर्यवंशी होंगे। मैं मिडिल ऑर्डर में विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और संजू सैमसन को रखूंगा।"
उन्होंने संजू सैमसन को टीम में रखने की वज़ह भी बताई। रॉबिन ने कहा, "संजू बैकअप विकेटकीपर होंगे और वो साथ ही फिनिशर का रोल भी निभा सकते हैं। वो जरूरत पड़ने पर ओपनिंग भी कर सकते हैं।" इसके बाद रॉबिन उथप्पा ने तीन ऑलराउंडर और एक स्पिनर अपनी स्क्वाड में चुना, जो कि हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव हैं।
इसके बाद आखिर में उन्होंने अपने चार पंसदीदा तेज गेंदबाज़ का चुनाव किया और जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह को वहां जगह दी। एक बार फिर बता दें कि रॉबिन उथप्पा ने विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज़ ईशान किशन को नज़रअंदाज किया है जो कि मौजूदा समय में भारतीय वनडे टीम का हिस्सा हैं और दोहरा शतक लगा चुके हैं। उनके नाम 32 वनडे की 28 पारियों में 1,107 रन दर्ज हैं। ईशान का औसत 42.57 रहा है।
इतना ही नहीं, रॉबिन ने अपनी ODI वर्ल्ड कप टीम में दिग्गज तेज गेंदबाज़ मोहम्मद शमी को भी जगह नहीं दी है जो कि पिछले वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के हीरो थे। उन्होंने 7 मैचों में 10.70 की औसत के साथ 24 विकेट चटकाए थे। 35 वर्षीय शमी देश के लिए 108 वनडे की 107 पारियों में 206 विकेट ले चुके हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
रॉबिन उथप्पा की ODI वर्ल्ड कप 2027 के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा, शुभमन गिल, वैभव सूर्यवंशी, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, संजू सैमसन, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।