IPL 2026, Rajasthan Royals vs Royal Challengers Bengaluru Highlights: गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 201 रन बनाए, लेकिन वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल की तूफानी पारियों के आगे यह स्कोर छोटा साबित हुआ। 

Advertisement

आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। हालांकि विराट कोहली ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों में 32 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से फिल साल्ट बिना खाता खोले आउट हो गए और देवदत्त पडिक्कल भी 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 

Advertisement

मध्य ओवरों में RCB की मुश्किलें और बढ़ गईं, जब क्रुणाल पंड्या 1 रन, जितेश शर्मा 5 रन और टिम डेविड 13 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। ऐसे में कप्तान रजत पाटीदार ने जिम्मेदारी संभाली और 40 गेंदों में 63 रन की अहम पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। अंत में वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाकर टीम को 20 ओवर में 201 रन तक पहुंचाया।

राजस्थान की ओर से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई और बृजेश शर्मा ने 2-2 विकेट झटके, जबकि रविंद्र जडेजा और संदीप शर्मा को 1-1 सफलता मिली।

202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में 78 रन ठोक दिए, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 108 रन की साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया।

इसके बाद ध्रुव जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए 41 गेंदों में नाबाद 81 रन बनाए। उनके साथ रविंद्र जडेजा ने 24 रन की उपयोगी पारी खेली और दोनों ने मिलकर टीम को 18 ओवर में ही जीत दिला दी।

Advertisement

RCB के लिए गेंदबाजी में क्रुणाल पंड्या और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने लगातार चौथी जीत दर्ज कर अंकतालिका में पहले स्थान पर बने रहते हुए अपनी स्थिति मजबूत कर ली, जबकि RCB को इस सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार