दाम्बुला में ट्राई-नेशन सीरीज़ के चौथे मैच में श्रीलंका A के खिलाफ़ वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर से फेल हो गए। इंडिया A के इस धाकड़ ओपनर को एक बार फिर से अच्छी शुरुआत तो मिली लेकिन वो अच्छी शुरुआत के बावजूद अपना विकेट फेंक गए। वो 14 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए और ये लगातार तीसरा मैच था जब सूर्यवंशी बल्ले से असर छोड़ने में असफल रहे।
इससे पहले सूर्यवंशी टूर्नामेंट में अब तक 14 और 44 रन ही बना पाए हैं। अपने तीसरे मैच में 15 साल के इस खिलाड़ी ने मोहम्मद शिराज़ और चमिका गुणसेकरा के खिलाफ़ कुछ बाउंड्री लगाकर अपनी पारी की ज़बरदस्त शुरुआत की थी। हालांकि, श्रीलंका A के कप्तान सहन अराचिगे ने विकेट लेने के लिए खुद को बॉलिंग पर लाया और सूर्यवंशी को आउट कर दिया।
सूर्यवंशी ने लॉफ़्टेड एक्स्ट्रा कवर ड्राइव खेलने की कोशिश में हवा में शॉट खेला और पॉइंट पर कैच आउट हो गए। उनके विकेट का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है जिसे आप नीचे देख सकते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस मैच की बात करें तो श्रीलंका A की टीम ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। इस मैच में भी भारतीय बल्लेबाजी संघर्ष करती हुई नजर आई। सूर्यवंशी के अलावा प्रभसिमरन सिंह, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा और आयुष बदोनी भी कुछ खास न कर पाए। यही कारण है कि ताजा समाचार लिखे जाने तक इंडिया A की टीम 40 ओवर में 7 विकेट गंवाकर सिर्फ 187 रन ही बना पाई है।