आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से मुल्लांपुर स्टेडियम में बैठे हर फैन को रोमांचित कर दिया। हालांकि वैभव सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन बनाकर आउट हुए और IPL इतिहास का सबसे तेज शतक बनाने से चूक गए।
आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऐसी बल्लेबाजी की, जिसे फैंस लंबे समय तक याद रखने वाले हैं। मुल्लांपुर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए इस 15 साल के बल्लेबाज ने छक्कों की बरसात कर दी और गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
वैभव शुरुआत से ही बेहद आक्रामक नजर आए। उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और देखते ही देखते IPL इतिहास के सबसे तेज शतक की तरफ बढ़ने लगे। हर शॉट के साथ स्टेडियम में मौजूद फैंस का उत्साह बढ़ता जा रहा था। सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाज पूरी तरह दबाव में दिखाई दिए।
युवा बल्लेबाज 28 गेंदों में 97 रन तक पहुंच चुके थे और ऐसा लग रहा था कि वह IPL इतिहास का सबसे तेज शतक बना देंगे। लेकिन 100 के करीब पहुंचने के बाद उन्होंने एक और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद ठीक से टाइम नहीं हुई और थर्ड मैन में खड़े फील्डर के हाथों में चली गई और पूरा स्टेडियम कुछ सेकंड के लिए शांत हो गया।
आउट होने के बाद वैभव सूर्यवंशी पूरी तरह निराश नजर आए। उनका दिल टूट चुका था क्योंकि वह सिर्फ 3 रन से इतिहास रचने से चूक गए। राजस्थान रॉयल्स के डगआउट में भी मायूसी साफ दिखाई दी। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ियों ने विकेट का जश्न जरूर मनाया, लेकिन उनका रिएक्शन भी काफी शांत था क्योंकि सभी इस युवा बल्लेबाज की अविश्वसनीय पारी से प्रभावित थे।
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी 29 गेंदों की पारी में कुल 12 गगनचुंबी छक्के लगाए। इसके साथ ही उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने क्रिस गेल का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2012 सीजन में 59 छक्के लगाए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि वैभव सूर्यवंशी इस सीजन बल्ले से लगातार आग उगल रहे हैं। वह अब तक 15 मैचों में 242.86 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट से 680 रन बना चुके हैं और ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर चुके हैं।