भारतीय क्रिकेट के नए स्टार वैभव सूर्यवंशी के बाद अब उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी भी सुर्खियों में आ गए हैं। महज 10 साल की उम्र में आशीर्वाद ने एक स्थानीय प्रैक्टिस मैच में धमाकेदार शतक जड़कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी इस समय भारतीय ही नहीं बल्कि विश्व क्रिकेट में भी अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी के कारण चर्चा का विषय बने हुए हैं। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव ने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। पूरे सीजन में 237 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने क्रिकेट जगत को प्रभावित किया और इसके बाद उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में भी जगह मिली।
लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि सूर्यवंशी परिवार में सिर्फ वैभव ही नहीं, बल्कि उनका छोटा भाई भी क्रिकेट में बड़ा नाम बनाने की तैयारी कर रहा है। वैभव के 10 वर्षीय छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने भी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींच लिया है।
दरअसल, समस्तीपुर में खेले गए एक स्थानीय प्रैक्टिस मैच में क्रिकेट अकादमी ताजपुर की ओर से खेलते हुए आशीर्वाद ने 87 गेंदों में 103 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 20 चौके और एक छक्का लगाया। इतनी कम उम्र में इस तरह की पारी खेलना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
Also Read: LIVE Cricket Score
वहीं अगर वैभव सूर्यवंशी की बात करें तो वह इस समय श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई सीरीज में भारत ए टीम का हिस्सा हैं। अफगानिस्तान ए, भारत ए और श्रीलंका ए के बीच चल रही इस सीरीज में उन्होंने अब तक दो मैचों में 170.58 के स्ट्राइक रेट से 58 रन बनाए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में 44 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का एक और नमूना पेश किया था।