Varun Chakaravarth Injury Update: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के पहले मुकाबले के बाद ही टीम इंडिया के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की चोट को लेकर चिंता बढ़ गई थी। अब भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने उनकी चोट पर आधिकारिक अपडेट जारी करते हुए साफ कर दिया है कि वरुण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं।
वरुण ने सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 16 रन देकर एक विकेट हासिल किया था। हालांकि, इसी मुकाबले के दौरान उन्हें चोट की परेशानी का सामना करना पड़ा, जिसके बाद अब वह अफगानिस्तान के खिलाफ इस सीरीज से बाहर हो गए।
मंगलवार (15 सितंबर) को खेले जा रहे दूसरे टी20 से पहले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस के दौरान बताया कि वरुण चोट की वजह से प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। इसके कुछ ही समय बाद BCCI ने अपने अधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर उनकी चोट को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा कर दी।
BCCI के मुताबिक, पहले टी20 मुकाबले में गेंदबाजी करते समय वरुण को अपने बाएं हिस्से के पेट के पास अचानक दर्द महसूस हुआ था। वह मैच में अपना तीसरा ओवर कर रहे थे, तभी उन्हें यह परेशानी हुई। इसके बाद किए गए स्कैन में उनकी चोट की पुष्टि हुई और उन्हें साइड स्ट्रेन की समस्या सामने आई।
BCCI ने बताया कि इसी चोट की वजह से वरुण को अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के बाकी दोनों टी20 मुकाबलों से बाहर कर दिया गया है। वरुण की जगह टीम इंडिया ने दूसरे टी20 के लिए लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है।
Also Read: LIVE Cricket Score
दूसरे टी20 में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मुकाबले के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह शामिल हैं।