दुनिया के नंबर 1 टी-20 इंटरनेशनल गेंदबाद वरूण चक्रवर्ती (Varun Chakravarthy) का मानना है कि नंबर 1 टी-20 इंटरनेशनल बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) को रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच में खेल सकते हैं।
टी-20 वर्ल्ड कप मे अभिषेक का पहला मैच अच्छा नहीं रहा था। अमेरिका के खिलाफ वर्ल्ड कप डेब्यू पर वह गोल्डन डक पर आउट हुए थे। इसके बाद वह फील्डिंग करने नहीं उतरे थे क्योंकि पेट में संक्रमण के चलते उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इस कारण वह नामीबिया के खिलाफ गुरुवार को हुए दूसरे वर्ल्ड कप मैच से भी बाहर हुए।
हालांकि भारतीय टीम के लिए सबसे सकारात्मक चीज यह रही है कि अभिषेक अरूण जेटली स्टेडियम में डगआउट में मौजूद थे।
नामीबिया के खिलाफ मैच के बाद वरूण ने खुलासा किया कि अभिषेक ने प्रैक्टिस शुरू कर दी है और कहा, “ मुझे लगता है है कि वह अगला मैच खेलेंगे। मुझे नहीं पता। जहा तक मैंने उनसे बात की है, वह ठीक लग रहे हैं। उन्होंने आज थोड़ी प्रैक्टिस भी की। उन्होंने कहा कि वह वापसी की राह पर हैं।”
बता दें कि मैच से पहले टॉस के दौरान अभिषेक को लेकर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा था कि “उन्हें एक या दो मैच लगेंगे, मुझे नहीं पता।”
इसके अलावा अर्शदीप सिंह ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर की जिसमें अभिषेक ने बताया कि पेट के संक्रमण के चलते उनका वजन 2 किलोग्राम गिरा है।
अभिषेक की गैरमौजूदगी में नामीबिया के खिलाफ मैच में संजू सैमसन ने भारतीय पारी की शुरूआत की थी, जिसमें 8 गेंदों में तीन छक्कों की बदौलत 22 रन बनाए थे। लेकिन इस मुकाबले में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ईशान किशन ने ही संभाली थी।
Also Read: LIVE Cricket Score
अभिषेक अगर स्वस्थ हैं और कोलंबो में होने वाले मुकाबले के लिए तैयार हैं तो यह भारतीय टीम के लिए बहुत अच्छी खबर होगी। पहले मैच के दौरान भारतीय टीम खिलाड़ियों की उपलब्धता की परेशानी से झूज रही थी। बीमार होने के कारण जसप्रीत बुमराह पहला मैच नहीं खेल पाए थे लेकिन दूसरे मैच में उन्होंन प्लेइंग इलेवन में वापसी की । वहीं वॉशिंगटन सुंदर भी फिट होकर दूसरे मैच में भारतीय टीम के साथ जुड़ेंगे।