WTC Final: चौथे दिन दूसरी पारी में भारत का स्कोर 164/3, खिताब जीतने के लिए आखिरी दिन 280 रन की जरुरत

Updated: Sat, Jun 10 2023 22:45 IST
WTC Final: चौथे दिन दूसरी पारी में भारत का स्कोर 164/3, खिताब जीतने के लिए आखिरी दिन 280 रन की जरुरत (Image Source: Google)

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल के चौथे दिन भारत ने स्टंप्स तक 40 ओवर में 3 विकेट खोकर 164 रन बना लिए है। भारत को चैंपियनशिप जीतने के लिए आखिरी दिन 280 रन बनाने की जरूरत है और उनके 7 विकेट शेष है। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 84.3 ओवर में 8 विकेट खोकर 270 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी और 443 रन की लीड ली थी जिस वजह से भारत को 444 रन का विशाल लक्ष्य मिला है। 

ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन कल के स्कोर स्कोर 44 ओवर में 4 विकेट खोकर 123 रन से आगे खेलना शुरु किया। हालांकि उनकी शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही क्योंकि उमेश यादव ने 47वें ओवर की चौथी गेंद पर मार्नस लाबुशेन को स्लिप में चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच आउट करवा दिया। लाबुशेन ने 126 गेंद में 4 चौको की मदद से 41 रन की पारी खेली। वो अपने कल के स्कोर में एक भी रन नहीं जोड़ सके। 

लाबुशेन के आउट होने के बाद क्रीज पर एलेक्स केरी आये। ग्रीन और केरी ने छठे विकेट के लिए 43 (98) रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को रवींद्र जडेजा ने ग्रीन को 63वें ओवर की आखिरी गेंद पर बोल्ड करते हुए तोड़ा। ग्रीन ने 95 गेंद में 4 चौको की मदद से 25 रन बनाये। उनके आउट होने के बाद क्रीज पर मिचेल स्टार्क आये। केरी और स्टार्क ने लंच ब्रेक तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों बल्लेबाज 34* (42) रन जोड़े चुके हैं और टीम का स्कोर 70 ओवर में 6 विकेट खोकर 201 रन हो गया है। केरी 61 गेंद में 5 चौको की मदद से 41 रन बनाकर खेल रहे थे। वहीं स्टार्क 19 गेंद में एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए थे। 

ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन के पहले सेशन में 26 ओवर में 2 विकेट खोकर 78 रन बनाये और उनकी लीड  374 रन हो चुकी हैं। लंच ब्रेक के बाद दूसरे सेशन में जब मैच शुरू हुआ तो 77वां ओवर करने आये जडेजा की पहली गेंद पर सिंगल लेते हुए केरी ने अर्धशतक बनाया। केरी और स्टार्क ने सातवें विकेट के लिए 93 (120) रन जोड़े। इस साझेदारी को 83वां ओवर करने आये मोहम्मद शमी ने आखिरी गेंद पर स्टार्क को आउट करते हुए तोड़ा। स्टार्क ने 57 गेंद में 7 चौको की मदद से 41 रन की पारी खेली। 

उनके आउट होने के बाद क्रीज पर बल्लेबाजी करने के लिए पैट कमिंस आये। हालांकि वो ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक पाए और 85वां ओवर करने आये शमी की तीसरी गेंद पर 5(5) रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने 84.3 ओवर में 8 विकेट खोकर 270 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी। ऐसे में भारत को फाइनल में जीतने के लिए 444 रन का लक्ष्य मिला। केरी 105 गेंद में 8 चौको की मदद से 66 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा 3 विकेट रवींद्र जडेजा ने चटकाए। उनके अलावा 2 विकेट उमेश यादव और मोहम्मद शमी अपने नाम करने में कामयाब रहे। वहीं एक विकेट मोहम्मद सिराज को मिला। 

दूसरी पारी में जब भारतीय टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो पहला ओवर करने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस आये। वहीं रोहित ने दूसरी ही गेंद पर चौका जड़ते हुए भारत का और अपना खाता खोला। गिल ने तीसरा ओवर करने आये कमिंस के ओवर में दो चौके जड़ते हुए अपने इरादे जाहिर कर दिए। इससे पहली उसी ओवर में कप्तान रोहित ने भी चौका मारा था। इस ओवर में कुल 13 रन बनाये थे। 

गिल और रोहित ने दूसरी पारी में आक्रामक रुख अपनाया। सातवां ओवर करने आये मिचेल स्टार्क की तीसरी गेंद पर रोहित ने पुल शॉट मारते हुए 74 मीटर का छक्का मार दिया। वहीं आठवां ओवर करने आये स्कॉट बोलैंड ने पहली ही गेंद पर गिल को गली में खड़े ग्रीन के हाथो कैच आउट करा दिया। हालांकि इस कैच पर विवाद हुआ था क्योंकि ऐसा लग रहा था कि ग्रीन ने गेंद जमीन पर लगाई है। 

हालांकि थर्ड अंपायर ने गिल को आउट दे दिया। गिल ने 19 गेंद में 2 चौको की मदद से 18 रन बनाये। इसी के साथ टी ब्रेक हो गया। टी ब्रेक के समय भारत का स्कोर 7.1 ओवर में एक विकेट खोकर 41 रन था और उन्हें जीतने के लिए 403 रन बनाने थे। गिल के आउट होने के बाद क्रीज पर बल्लेबाजी करने के लिए चेतेश्वर पुजारा आये। 

टी ब्रेक के बाद जब मैच शुरू हुए तो पुजारा ने आते ही थोड़ा आक्रामक रुख अपनाया। वहीं रोहित अपनी पुरानी लय में दिखाई दिए। रोहित और पुजारा ने दूसरे विकेट के लिए 51 (77) रन की साझेदारी की इस साझेदारी को इस पारी का 20वां और अपना पहला ओवर करने आये नाथन लियोन ने तोड़ा। उन्होंने भारतीय कप्तान रोहित को 5वीं गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया। रोहित ने 60 गेंद में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 43 रन की पारी खेली। उनके आउट होने के बाद क्रीज पर विराट कोहली आये। हालांकि थोड़ी देर बाद 21वां ओवर करने आये कमिंस ने चौथी गेंद पर पुजारा को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। 

पुजारा ने 47 गेंद में 5 चौको की मदद से 27 रन बनाये। उनके आउट होने के बाद क्रीज पर बल्लेबाजी करने के लिए अजिंक्य रहाणे आये। इसके बाद कोहली और रहाणे ने कोई और विकेट नहीं गिरने दिया। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 40 ओवर में 3 विकेट खोकर 164 रन बना लिए थे। विराट कोहली 60 गेंद में 7 चौको की मदद से 44 रन बनाकर खेल रहे थे। वहीं रहाणे 59 गेंद में 3 चौको की मदद से 12 रन बनाकर क्रीज पर बने हुए है। दोनों तीसरे विकेट के लिए 71* (118) रन की साझेदारी कर चुके हैं। भारत को आखिरी दिन जीतने के लिए 280 रन चाहिए और उनके 7 विकेट बचे हुए है। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एक-एक विकेट पैट कमिंस, नाथन लियोन और स्कॉट बोलैंड को मिला। 

भारत की प्लेइंग इलेवन- रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज। 

Also Read: किस्से क्रिकेट के

ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन- डेविड वॉर्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, कैमरून ग्रीन, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, स्कॉट बोलैंड।

TAGS

संबंधित क्रिकेट समाचार

सबसे ज्यादा पढ़ी गई खबरें