आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-1 में रजत पाटीदार ने ऐसी तूफानी बल्लेबाजी की कि खुद विराट कोहली भी हैरान रह गए। कगिसो रबाडा के ओवर में लगातार बड़े छक्के लगाकर पाटीदार ने अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसके बाद कैमरा सीधे विराट कोहली पर गया। कोहली का रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।

Advertisement

आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-1 मुकाबले में मंगलवार (26 मई) को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से हर किसी को हैरान कर दिया। गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए पाटीदार ने सिर्फ 33 गेंदों में 93 रन ठोक दिए और टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

रजत पाटीदार की इस तूफानी पारी के दौरान एक ऐसा पल भी आया जिसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। पारी के 17वें ओवर में पाटीदार ने कगिसो रबाडा को लगातार दो जोरदार छक्के जड़ दिए। इन्हीं छक्कों के साथ उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा किया और टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचा दिया।

जैसे ही पाटीदार ने लंबा छक्का लगाया, कैमरा डगआउट में बैठे विराट कोहली की तरफ गया। विराट उस शॉट को देखकर पूरी तरह दंग नजर आए। उन्होंने अपने मुंह पर हाथ रखा और हैरानी भरा रिएक्शन दिया। कोहली का यह रिएक्शन अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और फैंस इसे खूब शेयर कर रहे हैं।

VIDEO:

विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी किसी बल्लेबाज की पारी देखकर हैरान रह जाएं, तो समझ जाइए कि बल्लेबाजी कितनी खास रही होगी। रजत ने इस पारी में 5 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 280 से भी ज्यादा का रहा।

Also Read: LIVE Cricket Score

मैच की बात करें तो रजत पाटीदार के अलावा विराट कोहली (25 गेंदों में 43 रन) और क्रुणाल पंड्या (28 गेंद 43 रन) ने भी अहम रन जोड़े, जिसके चलते रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह आईपीएल इतिहास में किसी भी टीम द्वारा प्लेऑफ मुकाबले में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार