रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के महान बल्लेबाज़ विराट कोहली ने बीते रविवार, 31 मई को आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस के सामने 42 गेंदों पर 9 चौके और 3 छक्के ठोककर नाबाद 75 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में तीनों छक्के शानदार थे लेकिन जो छक्का उन्होंने पावरप्ले में कगिसो रबाडा की गेंद पर लगाया वो आप बार-बार देखना चाहेंगे।
विराट ने आरसीबी की पारी के चौथे ओवर में कगिसो रबाडा की ऐसी पिटाई की जिसे शायद ही वो भूल पाएंगे। उन्होंने पहली चार गेंदों में ही इस तेज़ गेंदबाज़ की जमकर धुनाई कर दी। ओवर की शुरुआत में रबाडा की गेंद कोहली के पैड्स की तरफ भटकी और विराट ने अपनी कलाई का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए गेंद को डीप बैकवर्ड स्क्वायर-लेग बाउंड्री की तरफ चार रनों के लिए फ्लिक कर दिया। अगली गेंद, जो ऑफ स्टंप के ठीक बाहर गुड लेंथ पर गिरी थी, उस पर कोहली ने थोड़ा हटकर लेग साइड में बैकवर्ड स्क्वायर की तरफ एक और चौका जड़ दिया।
इसके बाद कोहली ने इस ओवर का सबसे बेहतरीन शॉट खेला। रबाडा ने ऑफ स्टंप के बाहर एक गुड लेंथ गेंद फेंकी लेकिन कोहली ने कलाई घुमाई और गेंद को मिड-ऑन के ऊपर से एक शानदार छक्के के लिए भेज दिया। इसके बाद विराट ने चौथी गेंद पर 4 रन लेकर ओवर को बड़ा कर दिया। हालांकि, उनके छक्के ने हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया जिसका वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
अगर आईपीएल 2026 के फाइनल की बात करें तो 156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 27 गेंदों में 62 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। वेंकटेश अय्यर ने 16 गेंदों में 32 रन की तेजतर्रार पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
दूसरी ओर विराट कोहली ने एक छोर संभाले रखा और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए। उनकी इस मैच जिताऊ पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा टिम डेविड ने भी 17 गेंदों में 24 रन का अहम योगदान दिया। विराट की शानदार पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 18 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ RCB ने अपना खिताब सफलतापूर्वक डिफेंड करते हुए लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने का कारनामा कर दिखाया।