आईपीएल 2026 से पहले विराट कोहली पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में उन्होंने अपनी तैयारी शुरू कर दी है और इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है। विराट का यह ट्रेनिंग वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 19वें सीजन का इंतजार अब ज्यादा लंबा नहीं है। बीसीसीआई आज यानी 11 मार्च को शाम 7 बजे आईपीएल 2026 के शेड्यूल का ऐलान कर सकता है। इस घोषणा को जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देखा जा सकेगा।
इसी बीच भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने आईपीएल 2026 के लिए अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। फिलहाल लंदन में रह रहे कोहली ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड के इंडोर ट्रेनिंग सेंटर में बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं।
विराट कोहली ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए कैप्शन में सिर्फ “IPL 2026” लिखा, जिसके बाद यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। वीडियो में कोहली नेट्स में दमदार शॉट्स खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं और उनका फोकस साफ तौर पर आने वाले आईपीएल सीजन पर नजर आ रहा है।
VIDEO:
कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का अहम हिस्सा हैं और आईपीएल 2026 में भी फैंस और टीम को उनसे बड़ी पारियों की उम्मीद रहेगी। बेंगलुरु की टीम इस बार अपने खिताब को डिफेंड करने के इरादे से उतरेगी और अगर ऐसा होता है तो वह चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बाद ऐसा करने वाली तीसरी टीम बन जाएगी।
गौरतलब है कि विराट कोहली (8661 रन) आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। आईपीएल 2025 में भी उनका बल्ला जमकर बोला था। उस सीजन में उन्होंने 15 मैचों में 54.75 की शानदार औसत और 144.71 के स्ट्राइक रेट से 657 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 8 अर्धशतक भी निकले थे और वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर रहे थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
आईपीएल 2026 के शुरू होने में अब तीन हफ्ते से भी कम समय बचा है और ऐसे में विराट कोहली का यह ट्रेनिंग वीडियो साफ दिखाता है कि वह एक बार फिर बड़े मंच पर दमदार प्रदर्शन के लिए पूरी तरह तैयार हैं।