आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर से पहले सोशल मीडिया पर विराट कोहली का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। विराट कोहली से जुड़ा ये दिल छू लेने वाला पल काफी वायरल हो गया है, जिसमें देखा जा सकता है कि विराट कोहली एक नन्हे फ़ैन का दिल नहीं तोड़ते हुए उसे अपना ऑटोग्राफ देते हैं।
वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि एक छोटा बच्चा हाथ में पेन और कागज़ लिए कोहली की तरफ़ दौड़ता हुआ आता है। वो अपने क्रिकेट के हीरो से ऑटोग्राफ़ लेने की उम्मीद कर रहा होता है लेकिन सुरक्षाकर्मी उस बच्चे को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व कप्तान तक पहुंचने से पहले ही, तुरंत रोक देते हैं। ऐसे में विराट ने तुरंत इस स्थिति को भांप लिया और वो बीच-बचाव के लिए आगे आए।
विराट ने सुरक्षाकर्मियों से कहा कि वो उस नन्हे फ़ैन से पेन और कागज़ लेकर उनके पास ले आएं। इसके बाद, भारतीय सुपरस्टार ने उस कागज़ पर अपना ऑटोग्राफ़ दिया और उस बच्चे का दिल टूटने से बच गया। इसके बाद जिस बात ने फ़ैंस का दिल और भी ज़्यादा जीत लिया, वो था इसके बाद का नज़ारा। ऑटोग्राफ़ मिलने के बाद, वो छोटा बच्चा कोहली की तरफ़ बढ़ा और बड़े ही आदर के साथ उनके पैर छुए। इस वीडियो को आप नीचे देख सकते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
अगर आईपीएल 2026 की बात करें तो रजत पाटीदार की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अंक तालिका में टॉप करते हुए पहले क्वालिफायर में एंट्री कर ली है जहां उनका सामना धर्मशाला में गुजरात टाइटंस से होगा। आरसीबी के लिए इस बड़े मैच से पहले अच्छी खबर ये है कि ओपनर फिल सॉल्ट टीम के साथ जुड़ गए हैं और वो इस मैच में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।