Brandon King Six Video: कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 (CPL 2026) का 29वां मुकाबला बारबाडोस के केनसिंग्टन ओवल स्टेडियम में खेला गया था जहां Barbados Tridents ने 17.5 ओवर में 139 रनों का लक्ष्य हासिल करके Saint Lucia Kings को 8 विकेट से धूल चटाई। गौरतलब है कि इसी बीच BBT के सलामी बल्लेबाज़ ब्रैंडन किंग (Brandon King) ने एक तूफानी छक्का मारा और बारबाडोस स्टेडियम की छत पर लगा एक सोलर पैनल तोड़ दिया।
ये घटना बारबाडोस ट्राइडेंट्स की पारी के चौथे ओवर में घटी। सेंट लूसिया किंग्स के लिए ये ओवर तेज गेंदबाज़ अमारी गुडरिज करने आए थे जिनकी चौथी गेंद पर ब्रैंडन किंग ने शानदार छक्का लगाया। अमारी ने ये बॉल शॉर्ट लेंथ पर डिलीवर किया था जिस पर किंग ने खड़े-खडे़ ही पुल शॉट मार दिया। उन्होंने गेंद को अपने बैट के मिडिल से कनेक्ट किया था जिसके बाद वो हवा में उड़ते हुए स्टेडियम की छत पर लगे सोलर पैनल से टकराई।
इसके बाद होना क्या था, बॉल के इम्पैक्ट से सोलर पैनल टूट गया और वो बॉल स्टेडियम के बाहर चली गई। CPL ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।
बताते चलें कि इस ओवर में ब्रैंडन किंग्स ने अमारी गुडरिज की अच्छी से कुटाई की और एक छक्का दो चौके लगाकर 14 रन बनाए। हालांकि वो एक बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 20 गेंदों पर 22 रन बनाकर आउट हुए। दूसरी तरफ अमारी गुडरिज के लिए ये गेम किसी बुरे सपने की तरह रहा और उन्होंने 1.5 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 30 रन लुटा दिए।
मैच का हाल: बारबाडोस के मैदान पर बारबाडोस ट्राइडेंट्स ने टॉस जीतकर सेंट लूसिया किंग्स को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पारी के 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 138 रन बनाए। उनके लिए कामिल पूरन (24 गेंदों पर 37 रन) और रोस्टन चेज (28 गेंदों पर 34 रन) ने सबसे बड़ी पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में बारबाडोस ट्राइडेंट्स के लिए क्विंटन डी कॉक ने 31 गेंदों पर नाबाद 47 रन ठोके। वहीं रिवल्डो क्लार्क ने 34 गेंदों पर नाबाद 36 रन, ज़ैकरी कार्टर ने 22 गेंदों पर 32 रन और ब्रैंडन किंग ने 20 गेंदों पर 22 रनों की पारी खेली। इन्हीं के दम पर टीम ने 17.5 ओवर में 139 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 8 विकेट से जीत दर्ज की।