Cameron Green Run Out Video: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) का छठा मुकाबला बीते गुरुवार, 02 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया था जहां होम टीम (KKR) के 25 करोड़ 20 लाख के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के सामने बेहद ही अनलकी तरीके से रन आउट हुए। गौरतलब है कि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, ये पूरी घटना KKR की इनिंग के छठे ओवर में घटी। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए ये ओवर तेज गेंदबाज़ ईशान मलिंगा करने आए थे जिनकी आखिरी गेंद पर 21 साल के अंगकृष रघुवंशी ने एक सीधा शॉट मारा और वो कैमरून ग्रीन को कॉल करके एक रन लेने के लिए दौड़ पड़े। गौर करें कि दूसरी तरफ वो बॉल सीधा गेंदबाज़ की तरफ गई और उनके पैर से टकराकर रुक गई।
इसके बाद होना क्या था, SRH के गेंदबाज़ ईशान मलिंगा ने तुरंत ही गेंद को पकड़ा और उन्होंने नॉन स्ट्राइकर एंड पर स्टंप्स के ऊपर रखे बेल्स जमीन पर गिरा दिए। ये सब होता देख 21 साल के अंगकृष रघुवंशी को लगा कि वो रन आउट हो गए है और ऐसे में वो पवेलियन लौटने लगे। लेकिन जैसे ही वो बाउंड्री के करीब पहुंचे, अंपायर्स ने उन्हें रोक दिया और घटना को जांचकर ये फैसला किया कि अंगकृष नहीं, बल्कि KKR के 25 करोड़ 20 लाख के खिलाड़ी कैमरून ग्रीन आउट हुए हैं।
अब आप ये जान लीजिए कि ऐसा क्यों हुआ। दरअसल, जब ईशान मलिंगा के नॉन स्ट्राइकर पर बेल्स उड़ाए तब कैमरून ग्रीन और अंगकृष रघुवंशी ने एक दूसरे को क्रॉस नहीं किया था। क्रिकेट के नियमों के अनुसार बैटिंग करने वाले दो खिलाड़ी जब तक एक दूसरे को क्रॉस नहीं करते, वो उसी साइड में रन आउट हो सकते हैं, जिसमें वो बॉल डिलीवर करने से पहले मौजूद थे। यही वज़ह थी अंपायर ने रघुवंशी को वापस बुलाकर कैमरून ग्रीन को पवेलियन भेज दिया। इस तरह कैमरून ग्रीन की इनिंग 2 गेंदों पर 2 रन बनाकर खत्म हुई।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऐसा रहा मैच का हाल: इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 226 रन बनाए थे जिसके जवाब में होम टीम कोलकाता नाइट राइडर्स सिर्फ 16 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 161 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस तरह सनराइजर्स ने 65 रनों से ये मुकाबला जीता।