इंग्लैंड के घातक तेज गेंदबाज़ जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) ने IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के लिए दमदार प्रदर्शन किया और 16 मैचों में 25 विकेट चटकाए। वो क्वालीफायर-2 में भले ही RR को जीत नहीं दिला सके, लेकिन उन्होंने मुल्लांपुर के मैदान पर मुकाबला खत्म होने के बाद फैंस को अपना हेलमेट गिफ्ट करके सभी का दिल जीता। हालांकि उनका ये गिफ्ट कुछ ही सेकंड में फैंस के बीच लड़ाई का कारण बन गया।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक 15 सेकंड का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसमें कुछ फैंस जोफ्रा के लिए हेलमेट के आपस में लड़ते देखे जा सकते हैं। इस वीडियो में आप देख सकते हो कि दो फैंस जोफ्रा का एक हेलमेट पकड़कर आपस में बहसबाजी कर रहे हैं और किसी भी हालत में वो हेलमेट पाना चाहते हैं। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।
बताते चलें कि राजस्थान रॉयल्स ने भी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से जोफ्रा का एक वीडियो साझा किया है जिसमें वो फैंस को अपना हेलमेट गिफ्ट करते दिखे हैं। RR द्वारा शेयर किए गए वीडियो में वो अपने दो हेलमेट फैंस को देते देखे जा सकते हैं।
एक बार फिर बता दें कि 31 साल के जोफ्रा साल 2026 IPL में राजस्थान के बेस्ट बॉलर और टूर्नामेंट के तीसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ रहेृ। उन्होंने टूर्नामेंट में 9.31 की इकोनॉमी से गेंदबाज़ी की और 25 विकेट झटके। इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ फिलहाल कगिसो रबाडा हैं, जिनके नाम 16 मैचों में 28 विकेट दर्ज हैं।
बात करें अगर IPL 2026 के फाइनल की तो वो आज यानी रविवार, 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा जो कि मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच होगा। जो भी टीम ये फाइनल जीतेगी वो IPL टूर्नामेंट में दूसरी बार चैंपियन का खिताब उठाएगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
ध्यान दें कि मौजूदा टूर्नामेंट में RCB और GT के बीच अब तक तीन मुकाबले खेले गए हैं जिसमें से दो बेंगलुरु की टीम ने जीते हैं। इन दोनों की सीजन में आखिरी टक्कर क्वालीफायर-1 में हुई थी जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 254 रन डिफेंड करके गुजरात टाइटंस को 92 रनों से धूल चटाई थी। ऐसे में अब ये देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि टूर्नामेंट का फाइनल कौनसी टीम जीतती है।