Finn Allen And Daryl Mitchell Tag Team Catch Video: न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम (New Zealand Cricket Team) अपनी फील्डिंग के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं। कीवी खिलाड़ियों ने क्राइस्टचर्च टी20 (NZ vs IND 2nd T20) में भी फील्डिंग की मिसाल पेश की। यहां फिन एलन (Finn Allen) ने डेरिल मिचेल (Daryl Mitchell) के साथ मिलकर एक छक्के को कैच में तब्दील किया। उन्होंने अक्षर पटेल (Axar Patel) का शानदार कैच लपका जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एलन-मिचेल का टैग टीम कैच: ये घटना भारतीय टीम की पारी के 11वें ओवर में घटी। न्यूजीलैंड के लिए खुद कैप्टन मिचेल सेंटनर गेंदबाज़ी कर रहे थे। उनकी पांचवीं गेंद पर अक्षर पटेल ने छक्का लगाने के इरादे से हवाई शॉट खेला। अक्षर ने लॉन्ग-ऑन की तरफ गेंद को मारा और एक समय ऐसा लगा कि उन्हें पूरे छह रन मिलेंगे। हालांकि तभी फिन एलन ने करिश्मे को अंज़ाम दिया।
उन्होंने शानदार फील्डिंग करते हुए पहले कैच पकड़ा और फिर बाउंड्री के पार जाने से पहले गेंद को पास आ रहे साथी खिलाड़ी डेरिल मिचेल की ओर उछाल दिया। इसके बाद होना क्या था, मिचेल ने आसानी से कैच पूरा कर लिया। इस बेहतरीन तालमेल की बदौलत न्यूजीलैंड को अक्षर पटेल का बड़ा विकेट मिल गया। तो ऐसे अक्षर पटेल का दिल टूटा और वो 9 गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।
मैच का हाल: क्राइस्टचर्च के मैदान पर भारत ने न्यूजीलैंड को पहले बैटिंग करने का न्योता दिया। इसके बाद मेजबान टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 180 रन बनाए। उनके लिए ग्लेन फिलिप्स (43 गेंदों पर 70 रन) और बेवोन जैकब्स (46 गेंदों पर 58 रन) ने शानदार अर्धशतक लगाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में भारत के लिए तिलक वर्मा ने नंबर-6 पर 26 गेंदों पर तूफानी अंदाज में नाबाद 51 रन ठोके। नमन धीर ने 17 गेंदों पर 31 रन, नितीश रेड्डी ने 13 गेंदों पर नाबाद 26 रन और अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों पर 27 रन बनाए। इन्हीं के दम पर भारत ने 19.5 ओवर में 181 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 4 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। इसी के साथ भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड पर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।