Ishan Kishan Catch Video: ईशान किशन (Ishan Kishan) एक विस्फोटक बैटर और शानदार फील्डर हैं। उन्होंने लखनऊ टी20 (IND vs WI 1st T20) में भी ये साबित किया। ईशान ने बाउंड्री पर फील्डिंग करके मैथ्यू फोर्ड (Matthew Forde) का एक हैरतअंगेज No Look Catch पकड़ा। उनके कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ये घटना वेस्टइंडीज की पारी के 15वें ओवर में घटी। भारत के लिए ये ओवर स्पिनर कुलदीप यादव डालने आए थे जिन्होंने अपनी पहली ही गेंद गुगली डिलीवर की। इस पर कैरेबियन बैटर मैथ्यू फोर्ड ने छ्क्का जड़ने के इरादे से जोरदार पुल शॉट मारा। उन्होंने भरपूर ताकत झोंकी थी, लेकिन वो गेंद को बहुत अधिक ऊंचाई देने में असफल रहे। इसी का फायदा ईशान किशन ने उठाया।
ईशान भागते हुए डीप मिड विकेट की तरफ गए और इसी बीच आखिर में उन्होंने भागते हुए ही गेंद को लपका। गौर करें कि जब गेंद उनके हाथों में आया तब उनका चेहरा दूसरी तरफ था। ये एक No Look Catch था, जिसे पकड़ने में ईशान किशन का साथ किस्मत ने भी दिया। वो खुद ये कैच पकड़कर हैरान थे। आप उनके कैच का वीडियो और उनका रिएक्शन नीचे वीडियो में देख सकते हो।
टीम इंडिया ने जीता मुकाबला: लखनऊ टी20 में भारतीय टीम ने ही टॉस जीता और वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया। मेहमान टीम के लिए कप्तान शाई होप (37 गेंदों पर 52 रन) और शेरफेन रदरफोर्ड (34 गेंदों पर 56 रन) ने धमाकेदार अर्धशतकीय पारी खेली। इन्हीं के दम पर वेस्टइंडीज ने 19.1 ओवर में 171 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में टीम इंडिया के लिए कैप्टन श्रेयस अय्यर ने तूफानी शतक लगाया और 43 गेंदों पर 10 चौके 6 छक्के लगाकर नाबाद 102 रन बनाए। उनके अलावा ईशान किशन ने 27 गेंदों पर नाबाद 37 रन और अभिषेक शर्मा ने 10 गेंदों पर 21 रन की पारी खेली। इसी के दम पर मेजबान टीम ने 14.4 ओवर में 172 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 8 विकेट से जीत दर्ज की। उन्होंने पांच मैचों की सीरीज में भी 1-0 की बढ़त बना ली है।