Kieron Pollard And Steve Smith Fight Video: स्टीव स्मिथ (Steve Smith) की कप्तानी वाली वाशिंगटन फ्रीडम की टीम (Washington Freedom) ने गुरुवार, 16 जुलाई को मेजर लीग क्रिकेट 2026 टूर्नामेंट (MLC 2026) के एलिमिनेटर मुकाबले में 267 रनों का विशाल लक्ष्य हासिल करके एमआई न्यूयॉर्क (MI New York) को 6 विकेट से मात दी। गौरतलब है कि इस मुकाबले के दौरान स्टीव स्मिथ और कीरोन पोलार्ड (Kieron Pollard) के बीच तीखी बहस हुई जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
दरअसल, ये पूरी घटना वाशिंगटन फ्रीडम की इनिंग के 14वें ओवर में देखने को मिली। यहां एमआई न्यूयॉर्क के लिए कीरोन पोलार्ड ओवर डालने आए थे जिसकी पहली और पांचवीं गेंद पर स्टीव स्मिथ ने बड़े छक्के लगाए। यही वज़ह है कि कीरोन पोलार्ड काफी भड़क गए और उन्होंने अपने ओवर की आखिरी गेंद डालने के बाद स्टीव स्मिथ को आक्रामकता दिखाई।
26 सेकंड के वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कीरोन पोलार्ड गुस्से में स्टीव स्मिथ की तरफ बॉल फेंकते हैं और फिर उन्हें अपने आक्रामक तेवर दिखाकर कुछ बोलते हैं। दूसरी तरफ स्टीव स्मिथ सिर्फ स्माइल करके उन्हें जवाब देते हैं। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।
बताते चलें कि इस मुकाबले में स्टीव स्मिथ ने 48 गेंदों पर 7 चौके और 9 छक्के लगाकर नाबाद 110 रनों की शतकीय पारी खेली। वहीं कीरोन पोलार्ड ने 25 गेंदों पर 1 चौका और 8 छक्के जड़कर 64 रन ठोके। उन्होंने एक ओवर बॉलिंग भी की जिसमें बिना कोई विकेट लिए 21 रन लुटाए।
मैच का हाल: मेजर लीग क्रिकेट 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में वाशिंगटन फ्रीडम ने टॉस जीतकर एमआई न्यूयॉर्क को पहले बैटिंग करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पारी के 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 266 रन टांगे। उनके लिए कैप्टन निकोलस पूरन (33 गेंदों पर 106 रन) और कीरोन पोलार्ड (25 गेंदों पर 64 रन) ने शानदार पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में वाशिंटन फ्रीडम के लिए कैप्टन स्टीव स्मिथ और विकेटकीपर बैटर एंड्रीज गौस ने धमाकेदार शतक लगाए जिसके दम पर WAF ने 18.4 ओवर में 267 रनों का विशाल लक्ष्य हासिल किया और 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। अब वह फाइनल में जगह बनाने के लिए सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स से भिड़ेंगे।