Maheesh Theekshana Bowled Jos Buttler Video: श्रीलंका क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिनर महेश थीक्षाना (Maheesh Theekshana) ने बीते मंगलवार, 03 फरवरी को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले (SL vs ENG 3rd T20) में गज़ब की गेंदबाज़ी की और अपने कोटे के चार ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 1 विकेट चटकाया। गौरतलब है कि उन्होंने इंग्लिश टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी जोस बटलर (Jos Buttler) को आउट करके पवेलियन भेजा था जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, ये पूरी घटना इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर में घटी। श्रीलंका के लिए ये ओवर महेश थीक्षाना करने आए थे जो कि उनके कोटे का पहला ही ओवर था। खास बात ये है कि यहां उन्होंने अपनी चौथी गेंद 97kph की रफ्तार फेंकी और जोस बटलर को फंसा लिया।
महेश थीक्षाना की ये गेंद पिच से टकराते ही टर्न हुई जिसे इंग्लिश बल्लेबाज़ डिफेंस करके रोकना चाहता था, लेकिन यहां गेंद ऐसा घूमा कि जोस के तो होश ही उड़ गए और आखिर में वो पूरी तरह क्लीन बोल्ड होकर आउट हुए। Sony Sports Network ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसका वीडियो आप नीचे देख सकते हो।
बताते चलें कि इस मुकाबले में जोस बटलर इंग्लैंड के लिए एक छोर संभालकर धीमे-धीमे रन बनाते हुए अपनी इनिंग को आगे बढ़ा रहे थे, हालांकि आखिर में वो 21 गेंदों पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए। इस मैच में उन्होंने सैम करन (48 गेंदों पर 58 रन) के बाद इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इंग्लैंड ने 3-0 से जीती सीरीज: इंग्लैंड की टीम ने टी20 सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में श्रीलंका को 19.3 ओवर में 116 रनों के स्कोर पर ऑल आउट किया और इस तरह अंत में 12 रनों से मुकाबला जीता। जान लें कि इसी के साथ उन्होंने ये सीरीज श्रीलंका को 3-0 से क्लीन स्वीप करके जीती है। कहीं ना कहीं इंग्लिश टीम ने ये संकेत दे दिए हैं कि वो आगामी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट में विजेता बनने की एक बड़ी दावेदार टीम है।