Marcus Stoinis Five Wicket Haul Vs MI New York: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस (Marcus Stoinis) मौजूदा समय में USA में सिएटल ओर्कास (Seattle Orcas) के लिए मेजर लीग क्रिकेट 2026 (MLC 2026) खेल रहे हैं। गौरतलब है कि इस टूर्नामेंट के 25वें मुकाबले में मार्कस स्टोइनिस ने अपनी गेंदबाज़ी से जमकर धमाल मचाया और डलास के मैदान पर एमआई न्यूयॉर्क (MI New York) की दुनिया हिलाकर पूरे 5 विकेट झटके।
सबसे पहले ये जान लीजिए कि उन्होंने डलास के ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम में सिएटल ओर्कास की कैप्टेंसी करते हुए पूरे चार ओवर डाले और एमआई न्यूयॉर्क को 46 रन देकर उनकी आधी टीम को आउट करके पवेलियन भेजा। इस 36 साल के खिलाड़ी ने सबसे पहले रयान रिकेल्टन का विकेट झटका जो कि 5 गेंदों पर 6 रन करके आउट हुए।
इसके बाद मार्कस ने मोनंक पटेल (22 गेंदों पर 21 रन), कीरोन पोलार्ड (33 गेंदों पर 54 रन), रोमारियो शेफर्ड (03 गेंदों पर 06 रन), और ट्रेंट बोल्ड (01 गेंदों पर 00 रन) को आउट करके पवेलियन का रास्ता दिखाया। खास बात तो ये है कि मार्कस स्टोनिस ने अपने 14 साल के टी20 करियर का पहला 5 विकेट हॉल हासिल किया है। उन्होंने इसके लिए 385 टी20 मुकाबले खेले।
बात करें अगर एमआई न्यूयॉर्क के खिलाफ उनके बैटिंग प्रदर्शन की तो वो कुछ खास नहीं कर पाए और 05 गेंदों पर 08 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक 8 मैचों खेलकर 118 रन बनाए और 16 विकेट झटके हैं।
ऐसा रहा मैच का हाल: MLC 2026 के 25वें मुकाबले में सिएटल ओर्कास ने ही टॉस जीतकर एमआई न्यूयॉर्क को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिसके बाद उन्होंने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 179 रन बनाए। उनके लिए तजिंदर सिंह (27 गेंदों पर नाबाद 66 रन) और कीरोन पोलार्ड (33 गेंदों पर 54 रन) ने अर्धशतकीय पारी खेली।
इसके जवाब में सिएटल ओर्कास के लिए टिम सेफर्ट ने 61 गेंदों पर 88 रन बनाए, वहीं मैथ्यू ब्रीत्ज़के ने 31 गेंदों पर 44 रन ठोके। हालांकि उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज़ मैदान पर ज्यादा समय नहीं बिता सका जिस वज़ह से टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 162 रन ही जोड़ पाई। तो ऐसे एमआई न्यूयॉर्क ने ये मुकाबला 17 रनों से जीतकर अपने नाम किया।