मैट रेन्शॉ (Matt Renshaw) डरबन टेस्ट (SA vs AUS 1st Test) के हीरो थे। उन्होंने दो पारियों में (190 रन और 82 रन) कुल 272 रन बनाए थे। हालांकि वो गकेबरहा टेस्ट (SA vs AUS 2nd Test) में अपने प्रदर्शन को दोहरा नहीं पाए। यहां रेन्शॉ ने दो पारी में (12 रन और 11 रन) महज़ 23 रन जोड़े। इसी बीच उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में एक बड़ी गलती की। वो कगिसो रबाडा (Kagiso Rabada) की गेंद को छोड़कर बोल्ड हो गए। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
रेन्शॉ ने रबाडा को गिफ्ट किया विकेट: ये पूरी घटना ऑस्ट्रेलिया की पारी के 39वें ओवर में घटी। साउथ अफ्रीका के लिए कगिसो रबाडा गेंदबाज़ी करने आए थे। उन्होंने पांचवीं गेंद एक इनस्विंगर डाली और रेन्शॉ को फंसाया। रबाडा ने बैक ऑफ लेंथ पर बॉल डिलीवर किया था। रेन्शॉ को लगा कि बॉल काफी उछाल के साथ उन तक आएगा। उन्होंने गेंद को छोड़ने का फैसला किया।
रेन्शॉ का मानना था कि बॉल विकेट के ऊपर से निकल जाएगी। हालांकि उनका अनुमान पूरी तरह गलत साबित हुआ। रबाडा की गेंद ज्यादा उछाल हासिल नहीं कर पाई। ऐसे में होना क्या था, वो गेंद सीधा ऑफ स्टंप से जाकर टकराई और उसके ऊपर रखे बेल्स जमीन पर गिर गए। तो ऐसे रेन्शॉ ने रबाडा को अपना विकेट गिफ्ट किया। आप नीचे इस घटना का पूरा वीडियो देख सकते हो।
बताते चलें कि कगिसो रबाडा ने अपनी तेज रफ्तार गेंदों के दम पर मेहमान टीम से कठिन सवाल पूछे हैं। उन्होंने पहली पारी में 12 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे। वो दूसरी पारी में भी 11 ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में मैट रेन्शॉ के अलावा निक मैडिन्सन का विकेट चटकाया।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऑस्ट्रेलिया पर हार का खतरा: गकेबरहा टेस्ट में मेहमान टीम ऑस्ट्रेलिया संघर्ष करती दिखी है। उन पर हार का खतरा मंडराना शुरू हो गया है। वो अपनी पहली पारी में 99 रनों पर ऑल आउट हुई और उन्होंने दूसरी पारी में भी 156 रन बनाकर 4 विकेट खो दिए। वो साउथ अफ्रीका की पहली पारी के स्कोर 425/9 से अभी भी 170 रन पीछे हैं। यानी साउथ अफ्रीका को जीत हासिल करने के लिए पांचवें दिन सिर्फ 6 विकेट लेने हैं।