Nicholas Pooran Catch Video: द हंड्रेड 2026 का 25वां मुकाबला बीते शनिवार, 08 अगस्त को लंदन के केनिंग्टन ओवल स्टेडियम में खेला गया था जहां एमआई लंदन (MI London) के स्टार विकेटकीपर निकोलस पूरन (Nicholas Pooran) ने ट्रेंट रॉकेट्स (Trent Rockets) के सलामी बल्लेबाज़ फिन एलन (Finn Allen) का बेहद ही शानदार कैच पकड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
निकोलस पूरन का ये कैच Trent Rockets की पारी की 11वीं गेंद पर देखने को मिला। MI London के लिए ये बॉल टॉम करन ने डिलीवर किया था जिस पर फिन एलन पूरी तरह चकमा खा गए और अपने बैट का बाहरी किनारा लगा बैठे। इसके बाद ही विकेट के पीछे निकोलस पूरन का कमाल देखने को मिला जिन्होंने अपनी दाईं ओर कूदते हुए किसी बाज़ की तरह झपट्टा मारकर गेंद को लपका।
The Hundred ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो। बताते चलें इस मुकाबले में निकोलस पूरन ने सिर्फ फिन एलन (04 गेंदों पर 01 रन) ही नहीं, बल्कि बेन डकेट (26 गेंदों पर 27 रन) का भी कैच लपका। हालांकि वो खुद भी बल्लेबाज़ी करते हुए ज्यादा देर मैदान पर समय नहीं बिता पाए और 1 गेंद पर 1 रन बनाकर रन आउट हुए।
मैच का हाल: लंदन के केनिंग्टन ओवल स्टेडियम में ट्रेंट रॉकेट्स ने टॉस जीतकर एमआई लंदन को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पारी की 100 गेंदों पर 7 विकेट खोकर 147 रन बनाए। उनके लिए कैप्टन सैम करन ने सर्वाधिक रन ठोके और 46 गेंदों पर 4 चौके 5 छक्के लगाकर 72 रनों की पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में ट्रेंट रॉकेट्स के लिए मिचेल सेंटनर ने अपनी बैटिंग से धमाल मचाया और 23 गेंदों पर 5 चौके 3 छक्के लगाकर नाबाद 52 रन बनाए। उनके अलावा टिम डेविड ने 24 गेंदों पर नाबाद 32 रन, बेन डकेट ने 26 गेंदों पर 27 रन और एन्यूरिन डोनाल्ड ने 10 गेंदों पर 23 रनों की पारी खेली। इन्हीं के दम पर ट्रेंट रॉकेट्स ने 90 गेंदों पर 148 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।