Romario Shepherd bowled Marcus Stoinis Video: मेजर लीग क्रिकेट 2026 टूर्नामेंट (MLC 2026) का 25वां मुकाबला शनिवार, 11 जुलाई को डलास के ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम में खेला गया था जहां एमआई न्यूयॉर्क (MI New York) के कैरेबियाई ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड (Romario Shepherd) ने गज़ब की गेंदबाज़ी की और सिएटल ओर्कास (Seattle Orcas) के खेमे में हड़कंप मचा दिया। गौरतलब है कि इसी बीच उन्होंने एक बेहद ही घातक यॉर्कर से विपक्षी कैप्टन मार्कस स्टोइनिस (Marcus Stoinis) को बोल्ड किया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
ये पूरी घटना सिएटल ओर्कास की इनिंग के 19वें ओवर में घटी। यहां रोमारियो शेफर्ड अपना तीसरा ओवर डालने थे जिसकी पहली ही गेंद पर उन्होंने मार्कस स्टोइनिस को बिल्कुल जड़ पर यॉर्कर डालकर फंसाया। उनकी ये गेंद लेग स्टंप के बाहर पिच हुई थी जिस पर स्टोइनिस फ्लिक शॉट खेलकर रन बटोरना चाहते थे। ध्यान दें हि यहां पर ही वो गलती कर बैठे और अपना शॉट खेलते हुए गेंद को बैट से नहीं मार पाए।
इसके बाद रोमारियो के हाथों से निकली गेंद सीधा उनके बैट से टकराई और फिर स्टंप पर जा लगी। तो इस तरह मार्कस स्टोइनिस एमआई न्यूयॉर्क के सामने 5 गेंदों पर 8 रन बनाकर आउट हुए। MLC ने इस घटना का वीडियो अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।
बताते चलें कि डलास के मैदान पर रोमारियो शेफर्ड ने 3 ओवर में सिर्फ 13 रन देकर 2 विकेट चटकाए। उन्होंने मार्कस स्टोइनिस के अलावा टिम सेफर्ट का भी विकेट लिया जो कि 61 गेंदों पर 88 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
ऐसा रहा मैच का हाल: MLC 2026 के 25वें मुकाबले में सिएटल ओर्कास ने ही टॉस जीतकर एमआई न्यूयॉर्क को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिसके बाद उन्होंने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 179 रन बनाए। उनके लिए तजिंदर सिंह (27 गेंदों पर नाबाद 66 रन) और कीरोन पोलार्ड (33 गेंदों पर 54 रन) ने अर्धशतकीय पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में सिएटल ओर्कास के लिए टिम सेफर्ट ने 61 गेंदों पर 88 रन बनाए, वहीं मैथ्यू ब्रीत्ज़के ने 31 गेंदों पर 44 रन ठोके। हालांकि उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज़ मैदान पर ज्यादा समय नहीं बिता सका जिस वज़ह से टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 162 रन ही जोड़ पाई। तो ऐसे एमआई न्यूयॉर्क ने ये मुकाबला 17 रनों से जीतकर अपने नाम किया।